ऋषिकेश: 28 नवंबर को परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गंगा आरती में होंगे शामिल
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार की शाम को परमार्थ निकेतन में होने गंगा आरती में शामिल होंगे।
विस्तार
रविवार 28 नवंबर को ऋषिकेश के परमार्थ निकतेन में गंगा आरती में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शामिल होंगे। राष्ट्रपति के कार्यक्रम की सूचना के बाद पौड़ी जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर अधीनस्थों के साथ बैठक की। वहीं राष्ट्रपति के आगमन को लेकर खुफिया विभाग ने भी परमार्थ निकेतन में जाकर जानकारियां जुटाई।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार की शाम को परमार्थ निकेतन में होने गंगा आरती में शामिल होंगे। राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों को शुक्रवार सुबह से वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने परमार्थ निकेतन के पास स्थित वेद निकेतन पर घाट पर उतरने की रिहर्सल की, लेकिन हेलीकॉप्टर उतर नहीं सका।
राष्ट्रपति का हरिद्वार दौरा: पुलिस-प्रशासन और खुफिया विभाग अलर्ट, परोसा जाएगा ऐसा भोजन
दोपहर दो बजे एक बार फिर हेलीकॉप्टर को उतारने का प्रयास किया गया। लेकिन हेलीकॉप्टर नहीं उतर सका। बताया जा रहा है कि अब एम्स परिसर में या फिर पूर्णानंद इंटर कॉलेज के खेल मैदान में हेलीकॉप्टर को उतारा जाएगा।
राष्ट्रपति के परमार्थ निकेतन आगमन को लेकर जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और एसएसपी पौड़ी पी.रेणुका देवी ने अधीनस्थों के साथ बैठक की। इस अवसर पर एसडीएम यमकेश्वर मुक्ता मिश्र, प्रभारी निरीक्षक थाना विरेंद्र रमोला आदि थे।
राष्ट्रपति का काफिला रोकने की दी चेतावनी
पैगंबर मोहम्मद साहब को लेकर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में फंसे यूपी के शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी की गिरफ्तारी की मांग जोर पकड़ने लगी है। शुक्रवार को देहरादून से मुस्लिम सेवा संगठन के बैनर तले मुस्लिम समाज के लोगों ने एसपी अपराध पीके राय से मुलाकात कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई। चेताया कि 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी न होने पर हरिद्वार आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के काफिले को रोका जाएगा।
मुस्लिम सेवा संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी के नेतृत्व में लोग एकत्र होकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी की अनुपस्थिति में एसपी अपराध प्रदीप रॉय से मुलाकात कर लोगों ने आरोपी वसीम रिजवी की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
अध्यक्ष नईम कुरैशी ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर देशभर के मुस्लिम समुदाय के लोग गुस्से में हैं। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से मुस्लिम समुदाय की नाराजगी बढ़ती जा रही है। एसपी राय ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले में गहनता से जांच चल रही है, जल्द ही पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। इस दौरान मुस्लिम समाज के कई लोग मौजूद रहे।