चुनावी रंजिश : बीच बचाव करने में पोस्टमास्टर ने गंवा दी जान, प्रधान का बड़ा भाई गिरफ्तार
- चुनाव में समर्थन न करने पर पूर्व प्रधान पति पर किया गया जानलेवा हमला
- हत्या, जान से मारने की कोशिश के आरोप में प्रधान का बड़ा भाई गिरफ्तार
- मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के नरेंद्रनगर ब्लॉक के पट्टी दोगी ग्राम बांस काटल की घटना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुनिकीरेती थानाक्षेत्र के नरेंद्रनगर ब्लॉक के पट्टी दोगी ग्राम बांस काटल में पंचायती चुनाव में समर्थन न करने पर वर्तमान ग्राम प्रधान के बड़े भाई ने गांव के ही पोस्टमास्टर की धारदार हथियार से हत्या कर दी, जबकि एक को बुरी तरह से घायल कर दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर ग्राम प्रधान सहित उसके बड़े भाई पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना के बाद से ही परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है।
घटनाक्रम के मुताबिक बीते सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे जयपाल सिंह पुत्र गल्लू सिंह ग्राम नामतोल से अपने गांव बांस काटल आया। उस समय जयपाल शराब के नशे में धुत था। गांव पहुंचकर उसने पंचायती चुनाव में अपने छोटे भाई लेखवार सिंह का समर्थन न करने पर हरपाल सिंह कैंतुरा के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी। इस पर हरपाल सिंह ने विरोध करना शुरू किया। मामला इतना बढ़ गया कि जयपाल सिंह दौड़ता हुआ कमरे में गया और चाकू लेकर आया और हरपाल पर ताबड़तोड़ हमला करने लगा।
इसी बीच बगल के आंगन में 31 वर्षीय पोस्टमास्टर राकेश सिंह कैैंतुरा पुत्र उत्तम सिंह कैंतुरा झगड़े को शांत कराने पहुंचे। इसी बीच जयपाल ने बीच-बचाव कर रहे राकेश के गले में चाकू से वार कर दिया। राकेश हमले से निढाल हो गए तो जयपाल दोबारा हरपाल के सीने में चाकू से वार कर फरार हो गया।परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से दोनों को घायल अवस्था में ऋषिकेश स्थित राजकीय अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया और हरपाल सिंह की हालत नाजुक बताते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। एम्स में हरपाल की हालत नियंत्रण में बताई जा रही है।
मंगलवार की सुबह परिजन राजकीय चिकित्सालय पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। वहीं, पुलिस ने मृतक के पिता उत्तम सिंह कैंतुरा की तहरीर के आधार पर जयपाल और उसके उसके छोटे भाई लेखवार सिंह ग्राम प्रधान पर 302, 307 और 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ उप निरीक्षक संजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम घटनास्थल पहुंची और गांव से ही आरोपी जयपाल सिंह को गिरफ्तार किया।
लोग गुहार लगाते रहे, नहीं पहुंचा ग्राम प्रहरी
ग्राम प्रधान लेखवार सिंह ही ग्राम प्रहरी भी हैं। वह इस पद पर पिछले 20 वर्षों से है। जिस वक्त ग्राम प्रहरी लेखवार सिंह का बड़ा भाई जयपाल राकेश पर चाकू से हमला कर रहा था। उस दौरान लोगों ने काफी देर तक गुहार लगाई। पीड़ित परिवार के मुताबिक ग्राम प्रहरी लेखवार सिंह घटना के वक्त घर पर ही मौजूद था। इसके बावजूद कई बार फोन पर सूचना देने के बावजूद वह घटनास्थल पर नहीं आया और न ही पुलिस को घटना की सूचना दी। जिस वक्त राकेश सिंह कैंतुरा और हरपाल सिंह कैंतुरा जिस वक्त मौत से जूझ रहे थे, उस समय पुलिस मौके पर पहुंच जाती तो शायद जान बच सकती थी।
सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे की घटना के बारे में पुलिस काफी देर तक अनभिज्ञ रहीं। पीड़ित परिवार अपने संसाधनों से राकेश और हरपाल को ऋषिकेश स्थित राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचा। सूचना मिलने के बाद मुनिकीरेती पुलिस मंगलवार की सुबह राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंची और संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। वहीं घायल का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। एसएसआई संजीत कुमार के मुताबिक घायल की हालत खतरे से बाहर है।
आरोपी पहले भी कई बार कर चुका है गाली-गलौज
आरोपी जयपाल सिंह घटना में घायल हरपाल सिंह कैंतुरा के साथ पहले भी कई दफा गाली गलौज कर चुका है। मगर, हरपाल सिंह ने जयपाल सिंह को बुजुर्ग समझकर उसकी बातें को अनदेखा कर दिया था। सोमवार को जब जयपाल सिंह पुन: हरपाल के साथ गाली गलौज करने लगा तो हरपाल के सब्र का बांध टूट गया और उसने जयपाल को चैलेंज कर दिया। बस यही बात आरोपी को अखर गई। वह अपने कमरे में गया और धारदार चाकू लेकर हरपाल पर हमला करने आ गया।