{"_id":"5d8062028ebc3e01463f34fc","slug":"reservation-roster-in-government-jobs-association-meat-with-uttarakhand-cm","type":"story","status":"publish","title_hn":"आरक्षण रोस्टर : पदोन्नतियों से रोक हटे, रोस्टर से छेड़छाड़ न हो - एसोसिएशन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आरक्षण रोस्टर : पदोन्नतियों से रोक हटे, रोस्टर से छेड़छाड़ न हो - एसोसिएशन
Tue, 17 Sep 2019 10:03 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal
Updated Tue, 17 Sep 2019 10:03 AM IST
विज्ञापन
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत
- फोटो : फाइल फोटो
सीधी भर्ती के पदों पर आरक्षण रोस्टर और पदोन्नतियों पर लगी रोक का मसला सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष उठा। अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड जनरल ओबीसी इम्पलाइज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री से ये मसला उठाया। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से प्रमोशन पर लगी रोक को तत्काल हटाने और सीधी भर्ती के रोस्टर में किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि सरकार किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि सरकार तथ्यों और नियमों के आधार पर ही कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन
एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक जोशी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय महासचिव वीरेंद्र सिंह गुसांई, राकेश जोशी, बिमल डबराल, आशुतोष सेमवाल, मुकेश बहुगुणा, रीता कौल, यशवंत सिंह रावत और अखिल भारतीय समानता मंच के राष्ट्रीय महासचिव वीपी नौटियाल शामिल थे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कहा गया की सीधी भर्ती के पदों पर आरक्षण की प्रक्रिया को न्यायसंगत बनाने के उद्देश्य से सरकार ने नया रोस्टर जारी किया है। इसके लिए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। अनुरोध किया कि सीधी भर्ती के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया नए रोस्टर के आधार पर होनी चाहिए।
विज्ञापन
ज्ञापन में एसोसिएशन ने नए रोस्टर को निष्प्रभावी बनाने के प्रयास का विरोध किया। ज्ञापन में राज्य सरकार की सेवाओं में पदोन्नति पर पूर्ण रोक लगाए जाने पर चिंता जाहिर की गई। कहा गया कि इससे कर्मचारियों में भारी निराशा है। इससे उन कर्मचारियों के साथ घोर अन्याय हुआ है, जो सेवानिवृत्त होने वाले हैं। मांग की गई कि सरकार न्यायालय का फैसला आने का इंतजार किए बगैर पदोन्नतियों पर लगी रोक को तत्काल हटाए। साथ ही पदोन्नति में आरक्षण से संबंधित नियम को भी हटाया जाए। ज्ञापन में चेताया गया कि सीधी भर्ती के नए रोस्टर किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने और पदोन्नति पर अनावश्यक रोक को जारी रखने पर एसोसिएशन आंदोलन छेड़ने को मजबूर हो जाएगी।
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री का आज पुतला फूंकेंगे कर्मचारी
उत्तराखंड जनरल ओबीसी इम्पलाइज एसोसिएशन के आह्वान पर एसोसिएशन से संबद्ध कर्मचारी जिला मुख्यालयों पर कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य का पुतला फूंकेंगे। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी और महासचिव वीरेंद्र सिंह गुसांई ने समस्त कर्मचारियों को एकजुटता के साथ कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर शिरकत करने का आह्वान किया है।