उत्तराखंडः राष्ट्रीय एकता दिवस पर सीएम ने दिलाई शपथ, प्लास्टिक का प्रयोग न करने का आह्वान भी किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर राज्यभर में रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। देश को एकता का पाठ पढ़ाने वाले सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आज उन्हें और उनके योगदानों को याद किया गया। स्कूलों में रैली निकाली गईं।
वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली। सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिस लाइन में आयोजित रैतिक परेड में मुख्यमंत्री ने लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने प्लास्टिक का प्रयोग न करने का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि अंग्रेज जाते ही अपने पीछे एक खंडित भारत छोड़कर गए थे। उस समय भारत के अंदर 562 रियासतें थीं, जिन्हें सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपने कुशल नेतृत्व से उनका राष्ट्र में विलय कर एक अखंड भारत का निर्माण किया था। 31 अक्टूबर 2019 की उनकी जयंती अपने आप में विशेष है, क्याेंकि इस साल जम्मू कश्मीर को धारा 370 से आजादी मिली है। लद्दाख जम्मू कश्मीर से अलग होकर एक अलग केंद्र शासित राज्य का रूप ले रहा है। सरदार पटेल का सपना एक भारत अखंड भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में साकार हुआ है। पूरा देश एक देश एक विधान पर चल रहा है। महापुरुषों की यही पहचान होती है कि उनकी छाया इतिहास पर दीर्घकाल तक बनी रहती है। सरदार वल्लभ भाई पटेल का जीवन सदा प्रेरणा देता रहेगा। सरदार पटेल की इसी परिकल्पना को साकार करते हुए प्रधानमंत्री ने सिंगल यूज प्लास्टिक को विदा करने का आह्वान किया है।
सीएम ने किया पुलिसकर्मियाें का सम्मान
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राजपुर में अभिमन्यु एकेडमी के मालिक आरपी ईश्वरन के आवास पर हुई डकैती का आठ दिन में अनावरण करने पर एसपी सिटी श्वेता चौबे, एसओजी प्रभारी ऐश्वर्य पाल, नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी, आईजी कार्यालय में तैनात उप निरीक्षक मोहम्मद यासीन को सम्मानित किया। एक अपराध में उत्कृष्ट विवेचना में काशीपुर की इंस्पेक्टर चंचल शर्मा को पुरस्कार दिया गया। राज्य में सर्वश्रेष्ठ थाने के रूप में चयनित क्लेमेंटटाउन थाने के प्रभारी नरोत्तम बिष्ट को ट्रॉफी प्रदान की गई।
ईश्वरन डकैती के जांच में उत्कर्ष विवेचना के लिए एसपी सिटी श्वेता चौबे हुई सम्मानित
शिक्षा विभाग की ओर से रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन
राजधानी देहरादून में पवेलियन ग्राउंड से शिक्षा विभाग की ओर से रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने किया। भाजपा की ओर से पटेल पार्क स्थित मूर्ति में माल्यार्पण किया गया। यहां से विधायकों, सांसदों और सभासदों ने गांधी पार्क तक रन फॉर यूनिटी में हिस्सा लिया। सभी ने राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को याद किया।
गोपेश्वर में सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई गई। यहां जिला मुख्यालय में समाज के सभी वर्गों को शामिल करते हुए रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी कार्यालयों, उपक्रमों एवं अन्य संस्थानों में कार्यरत कर्मियों ने राष्ट्रीय एकता के लिए शपथ ली। साथ ही सुरक्षा बलों की ओर से परेड आयोजित कर सलामी भी दी गई।
उत्तरकाशी में आज प्रात: साढ़े नौ बजे रन फॉर यूनिटी के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सभी स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर सुबह कीर्ति इंटर कॉलेज से प्रभात फेरी निकाली गई।
आज प्रात: आठ बजे सरदार बल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। नौ बजे पुलिस, आईटीबीपी, होमगार्ड एवं एनसीसी कैडेट नगर में मार्चपास्ट किया गया। सुबह साढ़े नौ बजे कीर्ति इंटर कॉलेज से बड़ेथी चुंगी और वापस कीर्ति इंटर कॉलेज तक रन फॉर यूनिटी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
रूद्रपुर में सरदार बल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में जनपद भर में मनाया गया। जनपद में कई स्थानों पर रन फाॅर यूनिटी का आयोजन किया गया। रुद्रपुर में पुलिस लाईन से दौड़ का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरिन्दरजीत सिंह द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया। दौड़ में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों, अधिकारियों, कार्मिकों ने भाग लिया।