देवभूमि से मानसून गया नहीं, अभी होगी बारिश
उत्तराखंड में अभी बारिश का मौसम कुछ दिन और बना रहेगा। लगभग पूरे प्रदेश में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। चमोली, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी आदि जिलों में किसी-किसी जगह गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी दून में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं गरजन वाले बादल विकसित होने की संभावना है। गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
4.2 मिलीमीटर बारिश
राजधानी दून में सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 4.2 मिलीमीटर बारिश हुई। दिन भर बादल छाए रहे। बूंदों के बरसने का क्रम दिन भर जारी रहा। राज्य मौसम केंद्र के अनुसार दिन में आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 93, जबकि न्यूनतम प्रतिशत 92 दर्ज किया गया। मंगलवार को तापमान में बढ़ोत्तरी संभावित है। अधिकतम तापमान 28, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
कोहरे के आगोश में पर्यटन नगरी
पहाड़ों की रानी मसूरी में पिछले तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सोमवार दिनभर नगर के चारों और कोहरे का पहरा लगा रहा। मालरोड समेत पर्यटक स्थलों पर धुंध और घना कोहरा छाए होने से सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर चली रिमझिम बारिश से भी दिक्कतें पेश आई।
गौरतलब है कि नगर में अक्टूबर का पहला सप्ताह भी गुजर गया। लेकिन बारिश थमने का नाम नही ले रही है। बारिश से स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले सैलानी परेशान है। सेमवार को समूची पर्यटन नगरी कोहरे के आगोश में समा गई। वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें पेश आई।
दो वक्त की रोटी का संकट
मालरोड पर रिक्षा चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते पटरी व्यवसायी और रेहड़ी-ठेली से आजीविका चलाने वालों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट गहराने लगा है। पहले ही आपदा के कारण नगर में सैलानियों का टोटा रहा। अब स्कूल-कालेजों में स्पोर्टस डे और अन्य कार्यक्रमों के चलते भीड़ जुटने लगी थी। तो अब बेमौसम बारिश और कोहरे से धंधा चौपट हो गया है। रिक्षा चालक अवतार का कहना है कि इस बार सीजन भी पिटा और अब ऑफ सीजन में दो वक्त की रोटी के लायक भी आमदनी नही हो रही है।