रुड़की: नशीली दवाओं को लेकर दो दुकानों पर पंजाब पुलिस का छापा, दोनों आरोपी फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नशीली दवाओं की तस्करी को लेकर पंजाब पुलिस ने रुड़की में दो स्थानों पर छापामारी की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले भनक लगने पर दोनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान बंद कर फरार हो गए। पंजाब पुलिस नशीली दवा की तस्करी करने वाले युवक को साथ लेकर पहुंची थी। दोनों दुकानदारों के फरार होने पर पंजाब पुलिस वापस लौट गई।
शुक्रवार शाम पंजाब के नवांशहर से पुलिस की एक टीम गंगनहर कोतवाली पहुंची। यहां पंजाब पुलिस ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और बताया कि गणेशपुर में दवाओं का कारोबार करने वाले नशीली दवाएं भी बेचते हैं।
इसके बाद पंजाब पुलिस ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर गणेशपुर स्थित दोनों दुकानों पर छापामारी की, लेकिन इस दौरान पुलिस को दोनों दुकान बंद मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों को पंजाब पुलिस के आने की पूर्व में ही सूचना मिल गई थी।
लिहाजा दोनों अपनी-अपनी दुकान बंद कर फरार हो गए हैं। इसके बाद पुलिस वापस गंगनहर कोतवाली आ गई। गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश शाह ने बताया कि पंजाब पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के शक में गणेशपुर स्थित दो दुकानों पर छापा मारा।
पंजाब पुलिस के साथ नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में एक युवक भी साथ था। पंजाब पुलिस ने जानकारी दी थी कि नशीली दवाओं की तस्करी करने के मामले में केस भी दर्ज है।