बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के बाद कोटद्वार में उबाल, कोतवाली में पुलिस के खिलाफ फूटा जनता का गुस्सा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोटद्वार में मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को लेकर पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बच्ची के परिजनों के साथ क्षेत्र की महिलाओं ने बुधवार देर शाम कोतवाली में जमकर हंगामा काटा।
उन्होंने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए और आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अधिकारियों का घेराव किया।
उन्होंने पुलिस पर बच्ची के गुम होने के मामले को हल्के में लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के बाद अगर पुलिस सक्रिय हो जाती तो यह घटना नहीं होती। पुलिस अधिकारियों को खरी खोटी सुनाते हुए आक्रोशित लोगों ने बंदी गृह में रखे आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की।
बंदी गृह में आरोपियों के लिए पंखे लगाए जाने पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों की मददगार बन उन्हें सुविधा दे रही है। गुस्साए लोगों का यह भी कहना था कि क्षेत्र में नशे का धंधा जोरों पर चल रहा है।
अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ने के बावजूद पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। इधर, कोतवाल मनोज रतूड़ी ने कहा कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।