देहरादून: कांग्रेस की रणनीति, 23 से 25 अक्तूबर तक सभी विधानसभाओं में न्याय यात्रा, 27 को गैरसैंण में घेराव
उत्तराखंड में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ अपने आगामी कार्यक्रमों का एलान किया है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता कर न्याय यात्रा से लेकर गैरसैंण विधानसभा सत्र में घेराव और वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली कूच करने की जानकारी दी।
विस्तार
उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की तैयारी की है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक होटल में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता कर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके तहत 23 से 25 अक्तूबर तक प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 27 अक्तूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस ने एक नवंबर को देशव्यापी वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली कूच करने का कार्यक्रम भी तय किया है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता रामलीला मैदान में जुटेंगे। इसके अलावा चार नवंबर को प्रदेश में उन स्थानों के जिला मुख्यालयों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा, जहां धामी सरकार के कार्यकाल में जमीनों की नीलामी, धांधली और भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: साहू के पहले से शादीशुदा होने की बात से अनजान थी, अस्पताल में भर्ती मंत्री रेखा आर्या का बयान
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने इन कार्यक्रमों की जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चकराता विधायक प्रीतम सिंह समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में दी। पार्टी ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। आगामी दिनों में न्याय यात्रा, विधानसभा घेराव और दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस अपनी राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी।