राष्ट्रपति शुक्रवार को आएंगे जौलीग्रांट, प्रशासन एक्टिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी शुक्रवार को दून पहुंचेंगे। वह जौलीग्रांट स्थित स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी (एसआरएचयू) के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान वह मेडिकल, पैरामेडिकल, नर्सिंग, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट के 288 छात्र-छात्राओं को डिग्री व डिप्लोमा देंगे। विवि के विभिन्न कॉलेजों के 30 टॉपर्स को विशेष रूप से सम्मानित करेंगे। राज्यपाल डा. केके पाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
एसआरएचयू के कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने बताया कि स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी एक अप्रैल को पहला दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा। महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति भवन से राष्ट्रपति के शिरकत करने की पुष्टि हो चुकी है।
दीक्षांत समारोह में 288 डिग्री व डिप्लोमा वितरित किए जाएंगे। इसमें मेडिकल, पैरामेडिकल, नर्सिंग, मैनेजमेंट व इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। 30 टॉपर छात्रों को एकेडमिक अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। मिताली वर्मा (एमबीबीएस- बैच 2010) को बेस्ट मेडिकल ग्रेजुएट अवॉर्ड के लिए ‘स्वामी राम अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।
डीएम, एसएसपी ने की राष्ट्रपति के दौरे की समीक्षा
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के एक अप्रैल को स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी जौलीग्रांट (डोईवाला) में प्रस्तावित दौरे की तैयारी को लेकर पुलिस और प्रशासन ने समीक्षा की। आज (बुधवार) जौलीग्रांट में सुरक्षा तैयारियों की रिहर्सल भी की जाएगी।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम रविनाथ रमन और एसएसपी डॉ. सदानंद दाते की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि एक अप्रैल को शाम 4.10 बजे राष्ट्रपति का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आगमन होगा। वहां से 4.30 बजे स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के लिए रवानगी होगी। जहां राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम रहेगा। कार्यक्रम के बाद शाम 5.40 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट और 5.50 एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवानगी होगी।
उन्होंने 30 मार्च को सभी अधिकारियों को एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल पर रिहर्सल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। ड्यूटी में तैनात सभी मजिस्ट्रेट और अधिकारी एक अप्रैल को सरकारी वाहन से न जाकर एक पूल बनाकर वाहन में पुलिस लाइन से जाएं। ताकि कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक वाहनों की भीड़ न रहे। बैठक में एडीएम प्रताप शाह, सिटी मजिस्ट्रेट ललित नारायण मिश्रा, एसपी सिटी अजय सिंह, सीएमओ डॉ. एसपी अग्रवाल आदि उपस्थित थे।