चैंपियन की महापंचायत पर चला पुलिस का डंडा, 20 से ज्यादा गिरफ्तार
- 270 के खिलाफ मुचलके, 20 से ज्यादा किए गिरफ्तार
- महापंचायत के समर्थन में पोस्ट वायरल करने पर मुकदमा
- पुलिस ने गुर्जर बाहुल्य इलाकों में निकाला फ्लैग मार्च
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चैंपियन समर्थकों की प्रस्तावित महापंचायत को लेकर क्षेत्र में हो रही तैयारियों पर रुड़की पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने पूरे देहात के अलग-अलग गांवों से करीब 270 लोगों के खिलाफ मुचलके पाबंद किए। देर शाम तक 20 से ज्यादा लोगों को एहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं महापंचायत से जुड़ी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी रुड़की में मुकदमा दर्ज किया गया। इससे पहले दिन भर भगवानपुर, झबरेड़ा, नारसन में गुर्जर बाहुल्य गांवों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
बवाल के बाद प्रस्तावित महापंचायत को लेकर पुलिस प्रशासन दिन भर कसरत में जुटा रहा। महापंचायत से जुड़े ऐसे लोग, जिनसे शांति व्यवस्था को खतरा पैदा हो सकता है उनके खिलाफ मुचलके पाबंद कर दिए गए। रुड़की, लंढौरा, लक्सर, झबरेड़ा, नारसन, भगवानपुर, चुड़ियाला क्षेत्र के करीब 270 लोगों पर ये कार्रवाई की गई है।
देर शाम तक 20 से ज्यादा लोगों को एहतियात के तौर पर गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं महापंचायत के संबंध में व्हाट्सएप पर एक दूसरे को पोस्ट भेजने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
बॉर्डर पर पुलिस ने बढ़ाई चौकसी
इससे पहले पुलिस ने भगवानपुर, चुड़ियाला और झबरेड़ा के तेज्जुपुर, कुंजा बहादरपुर, सुनेहटी, भलस्वागाज, बिंडू खड़क, मानकपुर आदि गांवों में सीओ मंगलौर राजीव मोहन की अगुवाई में फ्लैग मार्च निकाला। एसओ भगवानपुर सूर्यभूषण नेगी, एसओ झबरेड़ा राकेश गुसांई आदि शामिल रहे। वहीं नारसन में नारसन खुर्द, नगला कोयल, टिकौला आदि गांवों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाल कर ग्रामीणों को माहौल न बिगाड़ने की हिदायत दी।
महापंचायत को लेकर यूपी से लगे उत्तराखंड बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस महापंचायत में आने वाले चैंपियन समर्थकों पर नजर बनाए हुए है। बार्डर पर यूपी की ओर से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
महापंचायत को लेकर शांति व्यवस्था के मद्देनजर करीब 270 लोगों से मुचलके भरवाकर उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पाबंद किया गया। ऐसे लोगों को हिरासत में भी लिया जा रहा है, जो शांति व्यवस्था के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। वहीं सोशल मीडिया पर महापंचायत से जुड़ी पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-प्रमेंद्र डोबाल, एसपी देहात