{"_id":"677ad2714cb33ea4970fd094","slug":"police-will-monitor-from-six-control-rooms-venue-commanders-will-be-deployed-dehradun-news-c-5-1-drn1030-587042-2025-01-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dehradun News: छह कंट्रोल रूम से नजर रखेगी पुलिस, वेन्यू कमांडर होंगे तैनात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dehradun News: छह कंट्रोल रूम से नजर रखेगी पुलिस, वेन्यू कमांडर होंगे तैनात
विज्ञापन
विज्ञापन
- छह शहरों में होनी है 38वें राष्ट्रीय खेलों की महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं
- पुलिस ने केंद्र सरकार से मांगी अर्द्धसैनिक बलों की 10 कंपनी
38वें राष्ट्रीय खेलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। छह प्रमुख स्टेडियम में कंट्रोल रूम से हर गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए वहां पर वेन्यू कमांडर भी तैनात रहेंगे। पुलिस ने केंद्र सरकार से भी अर्द्धसैनिक बलों की 10 कंपनी की मांग की है। ताकि, खेलों के दौरान खिलाड़ियों और महत्वपूर्ण लोगों की हर वक्त निगरानी की जा सके।
आगामी 28 जनवरी से 14 फरवरी तक राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया जाना है। खेलों में महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं देहरादून, हल्द्वानी, रुद्रपुर, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और टिहरी शहरों में होनी हैं। सुरक्षा के लिए आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे को नोडल अफसर बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने भी तैयारियां करते हुए हर जिले में कंट्रोल रूम स्थापित करना शुरू कर दिया है। ये कंट्रोल रूम हर उस मैदान और स्टेडियम में बनेंगे जहां पर खेलों का आयोजन होना है। मसलन, टिहरी झील में भी कई प्रतियोगिताएं होनी हैं। ऐसे में पुलिस का एक कंट्रोल रूम झील के आसपास भी बनाया जाएगा। इस कंट्रोल रूम से खिलाड़ियों की मूवमेंट से लेकर हर उस गतिविधि पर नजर रखी जाएगी, जिसका सुरक्षा व्यवस्था से ताल्लुक है।
विज्ञापन
हर मैदान और स्टेडियम में एक राजपत्रित पुलिस अधिकारी (पुलिस उपाधीक्षक से ऊपर) को वेन्यू कमांडर बनाया गया है। उनकी खेलों के दौरान 24 घंटे ड्यूटी रहेगी। उनकी ही निगरानी में सभी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। सुरक्षा के लिए प्रदेश की पीएसी को भी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा अर्द्धसैनिक बलों की 10 कंपनी उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की ओर से केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह सुरक्षा बल भी जल्द ही प्रदेश में पहुंच जाएगा। इसके लिए जल्द ही विस्तृत तैनाती प्लान भी जारी कर दिया जाएगा। ड्रोन टीम को भी तैयार किया जा रहा है।
विज्ञापन
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। प्रदेश में छह जगहों पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। इनके माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। वेन्यू कमांडर हर मैदान और स्टेडियम के लिए तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा के लिए 10 कंपनी अर्द्धसैनिक बलों की भी मांगी गई हैं।
-डॉ. नीलेश आनंद भरणे, आईजी कानून व्यवस्था (नोडल अफसर राष्ट्रीय खेल )