फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   poisonous liquor case Five Excise Department sipahi suspended, four admitted to AIIMS

जहरीली शराब कांड: पांच लीटर कच्ची शराब पकड़ी, एक गिरफ्तार

Mon, 23 Sep 2019 09:18 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Mon, 23 Sep 2019 09:18 AM IST
सार

  • पथरिया पीर की घटना के बाद आबकारी आयुक्त ने किए आदेश 
  • जिलाधिकारी और एसएसपी से मांगी संयुक्त रिपोर्ट, होगी कार्रवाई 

विज्ञापन
poisonous liquor case Five Excise Department sipahi suspended, four admitted to AIIMS
- फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जागी पुलिस अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रही है। अभियान के तहत वसंत विहार पुलिस ने पांच लीटर कच्ची शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वसंत विहार पुलिस ने शनिवार देर रात क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस को ग्राम बनियावाला में एक व्यक्ति से पांच लीटर कच्ची शराब मिली।

विज्ञापन


पुलिस ने आरोपी तस्कर से पूछताछ की। जिसमें उसकी पहचान रोहित कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी ग्राम नई बस्ती, अरघडा बनियावाला, थाना वसंत विहार के रूप में हुई। तस्कर को गिरफ्तार कर उसके अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ की गई। पुलिस आरोपी से मिली सूचना के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस ने पकड़े गए तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन


आबकारी विभाग के पांच सिपाहियों को निलंबित किया
पथरिया पीर की घटना के बाद आबकारी विभाग के पांच सिपाहियों को निलंबित किया गया है। इनमें दो प्रधान आबकारी सिपाही और तीन सिपाही शामिल हैं। प्राथमिक जांच के बाद इनकी लापरवाही सामने आई है। इसके अलावा आयुक्त ने डीएम और एसएसपी से इस मामले में संयुक्त रिपोर्ट भी मांगी है। वहीं आज मुख्यमंत्री के ओएसडी धीरेंद्र पंवार पथरिया पीर इलाकें में निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान वह मृतकों के परिजनों से मिले। कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन लोगों को भी जागरुक होना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


जहरीली शराब के सेवन से छह लोगों की मौत के बाद कार्रवाई का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को एक इंस्पेक्टर और दो दरोगाओं को निलंबित किया गया था। उसके बाद शनिवार को आयुक्त आबकारी सुशील कुमार ने प्रधान आबकारी सिपाही भारू सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही दिनेश सिंह रावत, सिपाही किरण बिष्ट, सिपाही मोहम्मद आफताब और सिपाही ललिता नेगी को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद इनकी लापरवाही सामने आई है। क्षेत्र में पर्याप्त चेकिंग और प्रवर्तन में कमी पाई गई है। 

इसके अलावा आयुक्त ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी और एसएसपी से इस मामले में संयुक्त रिपोर्ट शासन को भेजने को कहा है। शासन से यह रिपोर्ट उनके पास आएगी, उसके बाद इसमें और भी कार्रवाई की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

चार एम्स में भर्ती

देहरादून में कच्ची शराब के सेवन से बीमार हुए पांच लोगों को एम्स में भर्ती किया गया है। इनमें एक को डिस्चार्ज कर दिया गया है। शेष सभी एम्स में उपचाराधीन हैं। एम्स पीआरओ हरीश थपलियाल ने बताया कि कच्ची शराब प्रकरण सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर है। बृहस्पतिवार को देहरादून के बिंदाल नदी से लगे पथरिया पीर इलाके में जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई थी। इसमें कई लोगों की हालत अभी तक गंभीर बनी हुई है। 


बीती रात्रि शराब के सेवन से बीमार हुए चार लोगों अंशुल (26) पुत्र देशराज, अविनाश (25) पुत्र अजय, करण (25) पुत्र राजेंद्र, राजू (63) पुत्र जागड़ निवासी नेशविला रोड देहरादून को एम्स में भर्ती किया गया है। एम्स के पीआरओ हरीश थपलियाल ने बताया कि इनसे पहले भर्ती हुए प्रवीन (27) पुत्र जगदीश निवासी नेशविला रोड को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। वर्तमान में सभी चार मरीजों की हालत खतरे से बाहर हैं।

देसी शराब के चार सैंपलों की जांच रिपोर्ट सामान्य 
जहरीली शराब कांड में आबकारी विभाग को थोड़ी राहत मिली है। शुक्रवार रात लिए गए 37 सैंपलों में से चार सैंपलों की जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गई है। इनमें कनाट प्लेस स्थित देसी शराब के ठेके का सैंपल भी शामिल हैं, इससे घटना वाले क्षेत्र में शराब लाने की बात बताई जा रही है। तीन सैंपल कुआंवाला डिस्टिलरी के भी सामान्य पाए गए हैं। आबकारी विभाग के अनुसार अभी 33 सैंपलों की रिपोर्ट आनी शेष है।

 
जिला आबकारी अधिकारी मनोज उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार शाम ठेकों से 26 सैंपल लिए थे। इसके अलावा 11 सैंपल अलग-अलग बैच के कुआंवाला स्थित दून डिस्टिलरी से लेकर जांच के लिए भेजे थे। शुक्रवार रात को ही प्रयोगशाला को सक्रिय कर दिया था। शनिवार दोपहर तक कनाट प्लेस स्थित ठेके और कुआंवाला डिस्टिलरी के तीन सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें किसी भी प्रकार की कोई मिलावट नहीं पाई गई है। अन्य सैंपलों की जांच अभी की जा रही है। रविवार तक लगभग सभी सैंपलों की रिपोर्ट आने की संभावना है। 

अग्रिम आदेशों तक ठेके रहेंगे बंद 

देसी शराब के ठेके जिले में दूसरे दिन शनिवार को भी बंद रखे गए। इसके अलावा घंटाघर और इसके आसपास के अंग्रेजी शराब के ठेकों को भी शनिवार को बंद रखा गया। जिला आबकारी अधिकारी मनोज उपाध्याय ने बताया कि अग्रिम आदेशों तक ठेके बंद रहेंगे। इधर, ठेकों को बंद रखने के आदेशों के बाद ठेकेदारों की परेशानी बढ़ गई है। पहले से जिले के लगभग सात ठेके बंद चल रहे हैं। यदि कुछ दिन ये ठेके बंद रहे तो ठेकेदारों और विभाग की परेशानी और बढ़ सकती है। 

आबकारी विभाग के दारोगा की भूमिका पर उठ रहे सवाल 
बिंदाल बस्ती में अवैध शराब का धंधा करने वालों के साथ आबकारी के एक दारोगा की मिलीभगत की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि अक्सर इस दारोगा को बस्ती में आते जाते और इन लोगों से मिलते जुलते देखा गया है। इस संबंध में आबकारी विभाग ने भी पड़ताल शुरू कर दी है। 


पथरिया पीर में हुई छह मौत से आबकारी और पुलिस महकमे पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। पहले भी कई कर्मचारियों की मिलीभगत की बात सामने आई थी। इनके खिलाफ अधिकारियों को शिकायत भी की जा चुकी है। शुक्रवार की घटना के बाद अब आबकारी के एक दारोगा और तस्करों की साठगांठ भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि उसकी शह पर ये तस्कर ठेकों से बड़ी मात्रा में शराब खरीदते थे और फिर इन्हें 10 या 15 रुपये प्रति पव्वा मुनाफा लेकर लोगों को बेचते थे। चर्चा है कि यह दारोगा कई बार इन तस्करों के साथ दावतें उड़ाते भी बस्ती वालों ने देखा है। इस संबंध में अब विभाग ने बस्ती वालों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। जिला आबकारी अधिकारी मनोज उपाध्याय का कहना है कि इस मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

आबकारी विभाग ने डीएम को सौंपी रिपोर्ट 
जिलाधिकारी ने इस पूरे मामले में आबकारी विभाग से रिपोर्ट तलब की थी। शुक्रवार को इस घटना और अब तक हुई सारी कार्रवाई की रिपोर्ट आबकारी विभाग ने डीएम को सौंप दी है। जिला आबकारी अधिकारी मनोज उपाध्याय ने बताया कि इस रिपोर्ट में सैंपल और उनकी रिपोर्ट भी शामिल हैं। डीएम को लगातार अपडेट किया जा रहा है। 

पूरे गिरोह का खुलासा करे पुलिस: धस्माना

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि शहर के बीचोंबीच बसी मलिन बस्ती पथरिया पीर में हालात अभी भी सामान्य नहीं हैं। लगातार लोगों की तबियत बिगड़ रही है। एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में और मौत हो गई है। शनिवार शाम पथरिया पीर का दौरा करने के बाद धस्माना ने स्थानीय लोगों से बातचीत और पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि बड़ी संख्या में लोग बस्ती में बीमार हैं। तीन लोगों की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें अलग-अलग हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। जिसमें से दो की हालत गंभीर है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शराब के अवैध कारोबार को पूरी तरह नष्ट करें। यदि सरकार ने इस पर कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस इसके विरुद्ध प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। आरोप लगाया कि राजधानी समेत पूरे राज्य में अवैध शराब का धंधा सरकार के रसूखदार लोगों के संरक्षण में फल फूल रहा है।

आरोपियों पर कार्रवाई न हुई तो होगा आंदोलन
जहरीली शराब से छह लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने जांच पूरी होने तक जिला आबकारी अधिकारी को सस्पेंड करने की मांग की है। चेतावनी दी यदि आरोपियों पर कार्रवाई न हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में कहा शहर में जहरीली शराब धड़ल्ले से बिक रही है। जिसके कारण शहर में मौत हो रही हैं। आबकारी विभाग की शह पर कुछ लोग इस तरह का अवैध कार्य कर रहे हैं। शहर के सभी ठेकों पर आबकारी विभाग की मिलीभगत से शराब की ओवररेटिंग भी हो रही है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी यदि शराब माफिया और उन्हें संरक्षण देने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालोें में यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष रोबिन त्यागी, महासचिव राव फारूख राव, विनित भट्ट बंटू, संदीप चमोली, नयन सती, शिवा वर्मा, साहिल खनिजा, कनिक सेमवाल, विपुल गौड़, जावेद मलिक, अखमल अली, सौरभ चंद्रा, महादेव रतूड़ी, हरि शंकर, तुषार पाल, लक्की सिंह, अरविंद शर्मा, प्रदीप बिष्ट, नितिन बिष्ट, अब्दुल असद, राकिब अली, प्रभात, हिमांशु रावत आदि उपस्थित रहे।

जहरीली शराब प्रकरण पर बोली भाजपा
प्रदेश भाजपा ने जहरीली शराब प्रकरण को दुखद और गंभीर बताते हुए कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री की ओर से उठाए सख्त कदमों के साथ है। पार्टी मुताबिक मुख्यमंत्री ने दोषियों को बख्शे न जाने की बात कही है। पार्टी ने कांग्रेस को सलाह दी है कि वह लाशों पर राजनीति न करे। प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि मृतकों व उनके परिवारों के प्रति पार्टी की संवेदनाएं हैं। पार्टी मुख्यमंत्री की ओर से उठाए जा रहे सख्त कदमों के साथ है। पार्टी मानती है कि इसमें कोई भी दोषी नहीं बख्शा जाएगा। इस घटना को लेकर पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच में जो लोग भी दोषी जाएंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। डॉ. भसीन ने कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि बेहतर होगा कि कांग्रेस नेता लाशों पर राजनीति न करें। कांग्रेस नेता कोई बयान देने से पहले राज्य में अपनी पार्टी की सरकार के कारनामों, कांग्रेस नेताओं के शराब तंत्र के साथ संबंधों व उन्हें संरक्षण व प्रोत्साहन देने पर नजर डाल लें, उचित होगा।

घर-घर पहुंच स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूछा हाल 

पथरिया पीर और उससे सटे इलाके में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी दौरा किया। सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता ने बताया कि घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य का हाल पता किया। एक बीमार महिला को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

पथरिया पीर में जहरीली शराब पीने से कई और लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गुप्ता ने आनन-फानन में टीम गठित कर मौके पर जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए। लोगों से उनकी तबीयत पूछी। इस बीच कुछ बीमार लोेगों को पुलिस और स्थानीय लोग अलग-अलग अस्पतालों में ले जा चुके थे। पथरिया पीर निवासी ऊषा देवी का स्वास्थ्य जांचने पर पता चला कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। इस पर उन्हें एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल भेजा गया। हालांकि परिजन महिला को निजी अस्पताल ले गए। सीएमओ ने बताया कि रविवार को भी विभाग की टीम क्षेत्र में जाकर लोगों की तबीयत का पता करेगी। मृत छह लोगों में से जिनका पोस्टमार्टम हुआ है, उसमें जहरीली चीज का सेवन होना पाया गया है। मौत के स्पष्ट कारण जानने के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया है। जिसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।

उल्टी-दस्त से बुजुर्ग की मौत
शनिवार देर शाम 65 वर्षीय एक बुजुर्ग की जहरीली शराब पीने से मौत की खबर की शहर में फैल गई। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि बुजुर्ग पहले से बीमार थे। परिजनों ने बताया बुजुर्ग को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। सीएमओ ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया है। मौत निजी अस्पताल में हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed