उत्तराखंड: नैनीसैनी अब हवाई सेवा के लिए पूरी तरह तैयार, पीएम मोदी करेंगे सेवा का शुभारंभ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीसैनी हवाई पट्टी अब हवाई सेवा के लिए पूरी तरह से तैयार कर ली गई है। सात अक्टूबर को हवाई सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून से करेंगे। इसी हवाई सेवा के शुभारंभ के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी पिथौरागढ़ पहुंच सकते हैं। तीन अक्टूबर को यहां ट्रायल लैंडिंग की जा रही है। अभी हेरिटेज ऐविएशन को शेड्यूल कम्यूटर आपरेशन लाइसेंस मिलना बाकी है।
नैनी सैनी सात अक्तूबर से हवाई सेवा करने के लिए सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। टर्मिनल भवन में एयरलाइन बुकिंग काउंटर स्थापित कर दिया गया है। पंतनगर, लखनऊ और दिल्ली से एयर ट्रैफिक कंट्रोल के अधिकारी भी यहां पहुंच गए हैं। हवाई पट्टी में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम भी पूरे हो गए हैं।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल पंतनगर के डीजीएस बीसी उपाध्याय, लखनऊ एयरपोर्ट के मैनेजर अखिलेश कुमार और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के असिस्टेंट मैनेजर मनीष रावत यहां पहुंच गए हैं।
लाइसेंस जारी होते ही अंतिम बाधा भी हो जाएगी दूर
भारतीय नागरिक उड्डयन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी की ओर से उड़ान के लिए ओके करने के बाद अब अंतिम बाधा उड्डयन विभाग से हेरिटेज एविएशन को शेड्यूल कम्यूटर ऑपरेशन लाइसेंस मिलने की है।
लाइसेंस जारी होते ही हवाई सेवा शुरू करने की अंतिम बाधा भी दूर हो जाएगी। इसी कंपनी को हवाई सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोमवार को प्रदेश के वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने नैनीसैनी हवाई पट्टी पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया और जिलाधिकारी से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। गृहमंत्री राजनाथ सिंह पिथौरागढ़ पहुंचकर हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे।
सात अक्तूबर से नैनीसैनी से हवाई सेवा शुरू करने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार शाम तक हवाई अड्डे में सिक्योरिटी तैनात हो जाएगी। तीन अक्टूबर को विमान की ट्रायल लैंडिंग होगी। देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे। गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पिथौरागढ़ आने की उम्मीद है।
- प्रकाश पंत, वित्त मंत्री