फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   PM Narendra Modi Uttarakhand Visit: Rally in Haldwani and Inauguration of Many Projects Before Uttarakhand Election 2022

PM Modi Rally: प्रधानमंत्री मोदी ने हल्द्वानी में फूंका चुनाव बिगुल, कहा- यह दशक उत्तराखंड का है

Thu, 30 Dec 2021 04:38 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हल्द्वानी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हल्द्वानी Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Thu, 30 Dec 2021 04:38 PM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हल्द्वानी में वर्चुअली 17547 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

विज्ञापन
PM Narendra Modi Uttarakhand Visit: Rally in Haldwani and Inauguration of Many Projects Before Uttarakhand Election 2022
जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : एएनआई

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा। इसके लिए कई विकास कार्यों पर काम करने की जरूरत पर सरकार जोर दे रही है। उत्तराखंड के लोगों का सामर्थ्य इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाएगा यह पक्का विश्वास है। हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में 17547 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के दशक की बात वह यों ही नहीं कह रहे हैं। वह यहां की मिट्टी की ताकत को जानते हैं।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बढ़ रहा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, चारधाम महा परियोजना, रेल के सभी रूट्स, नए हाईड्रो प्रोजेक्ट, होम स्टे, पर्यटन, औद्योगिक क्षमता हमारे इस संकल्प को पूरा करेंगे। यहां बढ़ रही प्राकृतिक खेती, यहां के हर्बल उत्पाद, कृषि क्षेत्र भी उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण लाने वाले हैं। विपक्ष को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि पहाड़ पर सड़क, बिजली और पानी पहुंचाने के लिए जो मेहनत करनी थी पहले सरकार में बैठे लोग इससे हमेशा दूर भागते रहे। यहां के सैकड़ों गांवों की कितनी पीढ़ियां अच्छी सड़कों के अभाव में, अच्छी सुविधाओं के अभाव में प्यारे उत्तराखंड को छोड़कर कहीं और जाकर बस गईं। 
विज्ञापन


Uttarakhand Election 2022: इस चुनाव में दिग्गजों की पक्की उम्मीदवारी, बाकी पर मंथन जारी
विज्ञापन
विज्ञापन

हल्द्वानी को दी दो हजार करोड़ की सौगात
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत में ही हल्द्वानी के लोगों का दिल जीतने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वह नए साल की सौगात लेकर आए हैं। हल्द्वानी शहर के ओवरऑल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए दो हजार करोड़ की योजना लेकर आए हैं। अब हल्द्वानी में पानी, सीवरेज सड़क, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट सभी जगह पर अभूतपूर्व विकास होगा। 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा सात साल का रिकॉर्ड देख लीजिए। खोज खोजकर ऐसी पुरानी चीजों को ठीक करने मेरा टाइम जा रहा है। अब मैं काम को ठीक कर रहा हूं और आप उनको (विपक्ष को) ठीक कीजिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गंगोत्री से गंगा सागर तक हम एक मिशन में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि शौचालय के निर्माण से, बेहतर सीवरेज सिस्टम से, पानी के ट्रीटमेंट की आधुनिक सुविधाओं से गंगा में गिरने वाले गंदे नालों की संख्या तेजी से कम हो रही है। 

 

उत्तराखंड चुनाव 2022: विजय संकल्प यात्रा के समापन पर पहुंचेंगे गडकरी-राजनाथ, जनवरी पहले सप्ताह में आएंगे केजरीवाल

खुद को पहाड़ से जोड़ा
प्रधानमंत्री ने अपने 35 मिनट के भाषण में खुद को पहाड़ से जोड़ने की कोशिश की। जागेश्वर, बागेश्वर और सोमेश्वर तीर्थ स्थलों को प्रमाण करते हुए इनके संरक्षण और संवर्द्धन पर जोर दिया। पंत्र बद्रीदत्त पांडे को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तरायणी मेले में कुली बेगार प्रथा का अंत हुआ था। आज कुमाऊं आने का सौभाग्य मिला है आपके साथ जो गहरा नाता रहा है उसकी पुरानी यादें ताजा होना लाजिमी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें कुमाऊंनी टोपी पहनाई तो मोदी ने कहा कि उत्तराखंड की टोपी पहनाई गई है। उनके लिए इससे बड़ा गर्व क्या हो सकता है। मैं इसे छोटा सम्मान नहीं मानता। उत्तराखंड के गर्व के साथ मेरी भावनाएं जुड़ जाती हैं।


Uttarakhand Election 2022: इस चुनाव में दिग्गजों की पक्की उम्मीदवारी, बाकी पर मंथन जारी




कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेल रूट बन रहा है टनकपुर बागेश्वर रेल रूट भी बनेगा
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को लेकर उत्तराखंड विरोधी नए भ्रम  फैला रहे हैं। फाइनल सर्वे इस प्रोजेक्ट का बहुत बड़ा आधार है। यह सब इसलिए हो रहा है कि ताकि रेल लाइन पर जल्दी से जल्दी काम शुरू हो सके। आज मैं विश्वास दिलाने आया हूं कि कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेल रूट बन रहा है। कल टनकपुर-बागेश्वर रूट भी बनेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले जो सरकार में रहे हैं योजनाओं को लटकाना उनका परमानेंट ट्रेडमार्क रहा है। लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना का भी यही हाल है। इस परियोजना के बारे में 1976 में पहली बार सोचा गया था। करीब 46 साल बाद हमारी सरकार ने इस काम का शिलान्यास किया है। जो काम 1974 में सोचा गया 46 साल लग गए यह बड़ा गुनाह है। यह देश का दुर्भाग्य है कि करीब-करीब पांच दशक से एक योजना फाइलों में इधर से उधर लटकी रही। 

इन विषयों पर भी बोले मोदी

दुनिया में किसी भी जगह में पर्यटन तब तक नहीं बढ़ सकता जब तक वहां सहूलियत न हो। पहले सरकार में जो रहे उन्होंने इस बारे में नहीं सोचा। आज उत्तराखंड में जो नई सड़कें बन रही हैं, नए रेल रूट बन रहे हैं वे अपने साथ दुनियाभर के नए टूरिस्ट को लेकर आएंगे। आज उत्तराखंड में मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ी है जगह-लगह टावर लग रहे हैं, जो मेडिकल सुविधाएं बढ़ रही हैं वह यहां आने वाले पर्यटकों को भरोसा बढ़ाएगा। इसका सबसे ज्यादा लाभ उत्तराखंड के युवाओं को होने वाला है। 

केदारनाथ और काशी विश्वनाथ धाम पर
उत्तराखंड के लोग गवाह है कि जब केदारनाथ जी के दर्शन के लिए सुविधाएं बढ़ीं तो वहां जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ी। सारे रिकॉर्ड टूट गए। आज विश्व देख रहा है। काशी विश्वनाथ धाम बनने के बाद वहां भी पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।

ग्रामीण जनता के हाल पर
सच्चाई यह है कि जो पहले सरकार में थे, उन्होंने उत्तराखंड के सामर्थ्य की कभी परवाह नहीं की। परिणाम यह हुआ कि न तो हमें पर्याप्त बिजली मिली, न किसानों के खेतों को सिंचाई मिली और देश की अधिकतर ग्रामीण आबादी को पाइप से शुद्ध पानी के अभाव में जिंदगी गुजारनी पड़ी। 

पर्यावरण की रक्षा और प्राकृतिक सामर्थ्य पर
बीते सालों से भारत अपने पर्यावरण की रक्षा भी कर रहा है और अपने प्राकृतिक सामर्थ्य का सही इस्तेमाल करने में भी जुटा है। आज जो प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं वह उत्तराखंड की पहचान पावर सरप्लस  स्टेट के रूप में सशक्त करेंगे ही यहां के किसानों को सिंचाई की पर्याप्त सुविधा भी देंगे। यह बिजली हमारे उद्योगों, स्कूलों-कॉलेजों अस्पतालों और यह परिवार को मिलेगी। 

स्थानीय स्तर पर नई संभावनाओं पर
आज विकास की योजनाओं में जितना पैसा डबल इंजन की सरकार खर्च कर रही है वह पहले नहीं हुआ। जब सड़केंबनती हैं, प्रधानमंत्री आवास बनते हैं, रेल के नए रूट बनते हैं वहां हमारे  उद्यमियों के लिए नई संभावनाएं बनती हैं। कारोबारियों को अवसर मिलता है। विकास की ये योजनाएं आज रोजगार के अवसर बना रहीं हैं।
 

कुमाऊंनी से भाषण शुरू, कुमाऊंनी में ही खत्म
शुरुआत: गोलज्यू की यह पवित्र धरती कुमाऊं में आपूं सबै भाई बैंणिन कें म्योर शत शत नमस्कार, सबै नानतिनान कैं म्योर प्यार आशीष। (गोलज्यू की इस पवित्र धरती कुमाऊं में आप सभी भाई और बहनों को मेरा शत-शत नमस्कार। सभी बच्चों को मेरा प्यार आशीष।)


समापन: पोरू बटि साल 2022 उनेर छ । आपूं सब उत्तराखंडीन कैं नई सालै बधै ऊंण साथै घुघुती त्यारैकि लेक बधै। (परसों से साल 2020 शुरू हो रहा है। आप सभी उत्तराखंड के लोगों को नए साल की बधाई साथ ही घुघुती त्योहार की भी बधाई।)

प्रधानमंत्री ने विकास के साथ सम्मान भी किया : कौशिक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को सम्मान के साथ विकास कार्यों के जरिये प्रदेश की तस्वीर बदलने का भी काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ताबड़तोड़ विकास कार्यों से कांग्रेस बौखला गई है। उत्तराखंड की जनता इसे सदैव याद रखेगी। उन्होंने कहा कि मोदी ने उत्तराखंड से आध्यात्मिक लगाव बताकर जहां राज्य को सम्मान दिया, वहीं विकास के लिए एक लाख करोड़ से अधिक की योजना मुहैया कर राज्य में विकास के कई आयाम स्थापित किए। उन्होंने कहा कि देहरादून रैली के बाद हल्द्वानी में 17500 करोड़ से अधिक की योजनाओं से कुमाऊं क्षेत्र में विकास कार्यों को बल मिलेगा।

पीएम का उत्तराखंड दौरा निराशाजनक : कोठियाल
आप के सीएम उम्मीदवार कर्नल कोठियाल (सेनि) ने पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे को निराशावादी करार दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता जुमलेबाजी में सबसे आगे हैं। देश के पीएम नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड की जनता से कई वादे किए थे, लेकिन आजतक वो वादे पूरे नहीं हो पाए हैं। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्द्वानी में उत्तराखंड की जनता को 17,500 करोड़ का एक और झुनझुना पकड़ा दिया, जिसमें उन्होंने 23 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। 

उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर बीजेपी में सिर फुटव्वल की स्थिति बनी हुई है तो दूसरी ओर उस पर पर्दा डालकर बीजेपी के नेता जनता को बरगला अपनी झूठी नीतियों से रूबरू कराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के संबोधन में पीएम मोदी को उत्तराखंड में टूरिज्म, किसान, सेना, युवा और प्रदेश की समस्याएं याद आ रही हैं, लेकिन आखिरकार उन्हें जनता को यह बताना चाहिए था कि जब उनकी सरकार का कार्यकाल बहुत बढ़िया रहा तो उन्होंने प्रदेश में तीन-तीन मुख्यमंत्री क्यों बदले। पहले भी पीएम मोदी ने उत्तराखंड के लिए कई हजार करोड़ की घोषणा की, लेकिन जनता आज उन पैसों का हिसाब मांग रही है। कर्नल कोठियाल ने कहा कि ये रैली पूरी तरह चुनावी वादों की रैली थी, जिसका जनता से कोई सरोकार नहीं है।

पुरानी घोषणाओं की नई पैकेजिंग कर गए मोदी : कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हल्द्वानी दौरे को बेहद निराशाजनक बताया और  इसे पुरानी घोषणाओं की नई पैकेजिंग करार दिया। उन्होंने कहा कि मोदी को केवल पैकेजिंग में ही महारत हासिल है। इससे अधिक उनसे उम्मीद भी नहीं की जानी चाहिए।  आज नए सिरे से घोषित की गई 17500 करोड़ रुपये की घोषणाओं में नौ हजार करोड़ रुपये इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए बताए गए हैं, जबकि इनका ढोल इतनी बार पीटा जा चुका है कि अब ढोल की पोल खुलने लगी है। टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन का प्रचार इतनी बार हो चुका है कि अब जनता का भरोसा भी उठने लगा है। यही बात लखवाड़ परियोजना की भी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed