पिथौरागढ़ उपचुनाव: अंतिम दौर में प्रदेश प्रभारी के हाथ में रहेगी कांग्रेस के प्रचार की कमान
- 22 और 23 नवंबर को पिथौरागढ़ में रहेंगे अनुग्रह नारायण सिंह, 24 को है मतदान
- 15 नवंबर को लौटेंगे प्रीतम और इंदिरा, बीच के दौर में स्टार प्रचारकों पर भरोसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिथौरागढ़ उप चुनाव 24 नवंबर को होना है। अंतिम दौर में कांग्रेस के प्रचार की पूरी कमान प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह के हाथ में रहेगी। प्रचार के अंतिम दौर में दो दिन तक प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह यहीं डेरा डालेंगे। कांग्रेस की कोशिश पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत से समय लेने की भी है।
पंचायत चुनाव में किसी तरह से खुद को बचा ले गई कांग्रेस अब पिथौरागढ़ उप चुनाव में भाजपा से हिसाब बराबर करने की कोशिश में है। पिछले दो दिन से कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी के समर्थन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश पिथौरागढ़ में डेरा डाले हुए हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रीतम और इंदिरा 15 नवंबर को यहां से वापसी कर सकते हैं। अब बीच के दौर के लिए कांग्रेस अपने स्टार प्रचारकों को पिथौरागढ़ भेजने की कोशिश में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पिथौरागढ़ में महिला मतदाताओं की संख्या करीब-करीब पुरुष मतदाताओं के बराबर है। दोनों ही दलों ने मैदान में महिला प्रत्याशियों को उतारा है। ऐसे में स्टार प्रचारक के रूप में महिला चेहरे को भी आगे करने की कोशिश की जा रही है।
इसके तहत प्रियंका गांधी का कार्यक्रम लिया जा रहा है। इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी पिथौरागढ़ भेजने की कोशिश में है। हरीश रावत ने पूर्व में कहा था कि मयूख चुनाव लड़ें तो वे पिथौरागढ़ को पूरा समय देंगे। मयूख चुनाव लड़ने से मना कर चुके हैं और कांग्रेस की मुसीबत यह है कि हरीश रावत का भी अभी तक चुनाव कार्यक्रम पीसीसी को नहीं मिला है।
चुनाव के अंतिम दौर में पिथौरागढ़ की कमान खुद प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह के हाथ में रहेगी। प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि प्रदेश प्रभारी 22 और 23 नवंबर को पिथौरागढ़ में रहेंगे। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक अन्य स्टार प्रचारकों से समय लेने की कोशिश की जा रही है।