Pauri: वाड़ी गांव में घास लेने गई महिला को गुलदार ने मार डाला, घसीटते हुए खंडहर में ले गया, शूटर ने किया ढेर
Pauri Leopard Attack: महिला अपने पुराने मकान के पास घास लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया।
विस्तार
कोट ब्लॉक के वाड़ी गांव में मंगलवार को घास लेने गई एक महिला को गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए शूटरों ने कुछ ही घंटों के भीतर गुलदार को भी मार गिराया।
Haridwar: घर के आंगन में पानी की टंकी में फनफनाते हुए दिखाई दिए 27 सांप के बच्चे, दहशत में आया परिवार
मंगलवार दोपहर को वाड़ी गांव निवासी प्रभा देवी (59) पत्नी मातबर सिंह अपने पुराने मकान के पास घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और घसीटते हुए पास के एक खंडहर मकान में ले गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए।
गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि घटना के बाद गुलदार लगातार खंडहर के आसपास मंडरा रहा था, जिससे अन्य लोगों पर हमले की आशंका बनी हुई थी। वन विभाग की टीम और शूटरों ने पहले गुलदार को ट्रैंकुलाइज करने का प्रयास किया फिर जनसुरक्षा के मद्देनजर उसे मार गिराया।
सात माह में सात की मौत
गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते सात महीनों में गुलदार के हमलों में लगभग सात लोगों की मौत हो चुकी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही घटनाओं से दहशत का माहौल है। लोग शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं और कई गांवों में आवाजाही के लिए लोग समूह बनाकर निकल रहे हैं। गुलदार अब आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहा है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खेती और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
वाडी गांव में फिलहाल वन विभाग की टीम तैनात रहेगी। महिला को निवाला बनाने वाला गुलदार घटनास्थल के पास लगातार चहलकदमी कर रहा था। शूटरों के मौके पर पहुंचने पर वह हमलावर हो गया। जिससे शूटरों ने आत्मरक्षा में गुलदार को ढेर कर दिया।
- महातिम यादव, डीएफओ, गढ़वाल