ऑनलाइन कॉटेज बुक कराने में हुआ ऐसा फ्रॉड, पढ़कर बुकिंग कराने से पहले सौ बार सोचेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑनलाइन होटल बुकिंग कराकर नैनीताल पहुंचे पुणे के पर्यटक धोखाधड़ी का शिकार हो गए। कंपनी ने उन्हें नैनी झील के पास टूबीएचके कॉटेज बुकिंग कंफर्म करके दी, जब वे यहां पहुंचे तो नगर से आठ किलो मीटर दूर होटल का खस्ताहाल कमरा दिखाया गया। कंपनी ने बाद में उन्हें माल रोड स्थित होटल में भेजा, लेकिन यहां भी उन्हें कमरा नहीं दिया गया। आरोप है कि होटल संचालक ने पर्यटक के साथ मारपीट भी की।
पुणे के पर्यटक रोशन साह ने मल्लीताल कोतवाली पुलिस को बताया कि बीते दिनों उन्होंने ऑनलाइन बुकिंग कंपनी को पेमेंट कर टूबीएचके कॉटेज बुक कराया। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि नैनीझील किनारे उनके लिए टूबीएचके कॉटेज बुक कर दिया गया है। यहां आकर उन्हें पता चला कि वह कॉटेज नगर से आठ किलोमीटर दूर है। वह जाकर देखा तो होटल काफी गंदा था।
वह उसमें नहीं रह सकते थे इसलिए उन्होंने दोबारा से ऑनलाइन कंपनी से संपर्क किया। काफी देर तक परेशान होने के बाद कंपनी ने उन्हें बताया कि माल रोड के एक होटल में उनके लिए रूम बुक करा दिया गया है। वह उस होटल में पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि कंपनी की ओर से भेजी गई उनकी बुकिंग होटल प्रबंधन ने स्वीकार नहीं की है। ऐसे में उन्हें रूम नहीं दिया जा सकता है।
उन्होंने कंपनी से दोबारा संपर्क किया, लेकिन कंपनी संचालक कोई हल नहीं दे पाए। इसी बीच किसी बात को लेकर उनकी होटल संचालक से बहस हो गई। आरोप है कि होटल संचालक ने उनके साथ मारपीट भी की।
उन्होंने इसकी सूचना मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। मल्लीताल कोतवाली के एसएसआई बीसी मासीवाल ने बताया कि पर्यटकों की होटल संचालक से किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। पर्यटक ने मारपीट का आरोप लगाया है, लेकिन कोई तहरीर नहीं दी है।
पर्यटक ने किसी ऑनलाइन कंपनी से होटल बुक किया था। हमारे यहां उस पर्यटक की कोई बुकिंग नहीं थी। इसके बाद भी वह हमें परेशान कर रहा था। होटल के बाहर खड़े होकर गालीगलौज कर रहा था, जिसको लेकर मैं उसके पास नीचे गया था। बाद में मैं और पर्यटक साथ में ही मल्लीताल पुलिस चौकी गए थे। पर्यटक के साथ कोई मारपीट नहीं की गई है।
-गौरव छाबड़ा, होटल संचालक