निकाय चुनाव 2018: नामांकन के पहले दिन दून में मेयर पद पर एक भी पत्र दाखिल नहीं, कुल 1502 पत्र खरीदे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए शनिवार को कांग्रेसी नेता दिनेश अग्रवाल समेत 11 दावेदारों ने नामांकन पत्रों की खरीदारी की। वहीं, अब तक कुल 21 लोग मेयर के लिए नामांकन पत्र खरीद चुके हैं। पहले दिन मेयर पद के लिए किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।
सुबह से ही दावेदारों की भीड़ नामांकन पत्र खरीदने के लिए निगम परिसर स्थित बैंक ब्लॉक पर पहुंचने लगी। निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन अरविंद पांडेय ने बताया कि कांग्रेसी नेता दिनेश अग्रवाल, रजनी रावत, पुनीत मित्तल समेत 11 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। रजनी रावत ने तीन, दिनेश अग्रवाल ने चार नामांकन पत्र खरीदे।
उन्होंने बताया कि राजनीतिक पार्टी की ओर से मेयर पद का दावेदार का नाम साफ नहीं होने के कारण शनिवार को केवल 11 नामांकन पत्र बिके। भाजपा-कांग्रेस के अलावा अन्य दलों से मेयर के लिए प्रत्याशी के नामों की घोषणा के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। इसके चलते सोमवार और मंगलवार को नामांकन पत्रों की बिक्री अधिक होने की संभावना है।
इन्होंने खरीदे मेयर पद के नामांकन पत्र
दिनेश अग्रवाल, पुनीत मित्तल, रजनी रावत, सुशील ममगाईं, राजकुमार पुरोहित, विजय कुमार बौड़ाई, टीसी भारती, विभूति भूषण, संजय गोयल, हरीश थपलियाल, संजय भट्ट।
वहीं हल्द्वानी शहर में दो पार्षद प्रत्याशी वार्ड नंबर 23 से महबूब आलम और वार्ड नंबर 25 से इकराम अहमद धारा 144 का उल्लंघन कर जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंचे। रुद्रपुर में कलक्ट्रेट में बनाये गए नामांकन कक्ष में मेयर और पार्षद के अब तक एक भी नामांकन नहीं हुआ है। यहां पार्षद के 113 और मेयर पद पर 7 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं।
निकाय चुनाव, आखिरी दो दिन रहेगी मारामारी
रविवार को अवकाश होने के कारण नगर निकाय चुनाव नामांकन के लिए आखिरी दो दिन मारामारी रहेगी। प्रमुख दलों के प्रत्याशी दल-बल के साथ इन्हीं दो दिनों में नामाकंन पत्र दाखिल करेंगे। इसी लिहाज से पुलिस-प्रशासन ने अपनी रणनीति बनाई हैं। निगम परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। शनिवार होने के कारण पहले से प्रत्याशियों के आने की उम्मीद ना के बराबर ही थी।
निकाय चुनाव में मेयर और पार्षद पद के लिए तीन दिन नामांकन होना है। मंगलवार को नामाकंन पत्र जमा करने का अंतिम दिन है। नामाकंन के पहले दिन शनिवार होने के कारण कम प्रत्याशियों के आने की आशंका थी। हुआ भी ऐसा ही। पहले दिन प्रत्याशियाें ने नामाकंन पत्र जमा कराने में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। दूसरे दिन रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा। ऐसे में प्रत्याशियों के सामने नामाकंन दाखिल करने को सोमवार और मंगलवार का ही दिन हैं।
पुलिस-प्रशासन ने भी इसी लिहाज से कार्ययोजना तैयार की हैं। एसडीएम सदर प्रत्यूष सिंह ने बताया कि पहले से ही शनिवार को नामाकंन कम होने की उम्मीद थी। सोमवार से नामाकंन प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। आखिरी दो दिनों में प्रमुख दलों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन पत्र भरने आएंगे। उसी लिहाज से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। प्रत्याशियों के साथ उनके प्रस्तावक ही नामाकंन कक्ष में जा सकेंगे। प्रयास किया जा रहा है कि प्रत्याशियों के जुलूस से शहर का यातायात प्रभावित न होने पाए।
जिला के छह निकायों में दावेदारों ने खरीदे 1502 नामांकन पत्र
नगर निकाय चुनाव में जिला के छह निकायों में तीन दिनों के भीतर मेयर, अध्यक्ष व सभासद पदों के लिए 1502 नामांकन पत्र बिके। इससे निर्वाचन विभाग को 391500 रुपये की राशि प्राप्त हुई। 21 अक्तूबर रविवार के दिन भी दावेदार नामांकन पत्रों की खरीद कर सकेंगे लेकिन नामांकन पत्र जमा नहीं होंगे।
नगर निकाय चुनाव के लिए नगर निगम देहरादून में 100 वार्डों से शनिवार तक मेयर और पार्षद पद के लिए कुल 803 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसमें 443 आरक्षित और 360 अनारक्षित श्रेणी के नामांकन पत्र शामिल हैं। वहीं, नगर निगम ऋषिकेश के 40 वार्डों से दावेदारों ने 266 नामांकन पत्र खरीदे। नगर पालिका डोईवाला के 20 वार्डों से 171, नगर पालिका विकासनगर के 11 वार्डों के लिए 67 नामांकन पत्र खरीदे गए।
जबकि नगर पालिका मसूरी के 13 वार्डों से 127 और नगर पालिका हरर्बटपुर के नौ वार्डों से तीन दिनों में 68 नामांकन पत्र बिके। जिला के छह निकायों में शनिवार तक 1502 नामांकन पत्रों की बिक्री से तीन लाख 91 हजार 500 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि 21 अक्तूबर रविवार को अवकाश होने के बाद भी सभी निकायों में निर्धारित स्थानों पर नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। लेकिन नामांकन पत्र जमा नहीं होंगे। 22 व 23 अक्तूबर को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे।
निकाय वार्ड संख्या नामांकन पत्रों की बिक्री धनराशि
नगर निगम देहरादून 100 803 242000
नगर निगम ऋषिकेश 40 266 77000
नगर पालिका डोईवाला 20 171 25100
नगर पालिका विकासनगर 11 67 10500
नगर पालिका मसूरी 13 127 20800
नगर पालिका हरबर्टपुर 9 68 16100