शादी के दिन ही उठ गई दुल्हन की अर्थी, ऐसे हुई दर्दनाक मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक नवविवाहिता के लिए उसकी शादी का दिन ही उसकी मौत का दिन बन गया। सड़क हादसे में दुल्हन की इतनी दर्दनाक मौत हुई कि देखने वाले ही सिहर गए।
पत्नी और बहन को खो देने के बाद जिला अस्पताल में इस्लाम खामोश रहा। वो कुछ नहीं बोला। जब कोई ढांढस बंधाना चाहता तब इधर उधर देखने लगता। पूछने पर इतना बोला कि उसकी दुनिया तबाह हो गई है। बड़े अरमान थे। निकाह के बाद ये ख्वाहिश पूरी करनी है, बहुत कुछ करना है। लेकिन सब कुछ बर्बाद हो गया। मानो उसकी आंखों से आंसू ही सूख गए हैं।
हरिद्वार-ऋषिकेश हाइवे पर बेकाबू डंपर ने मोटरसाइकिल सवार नवविवाहिता और उसकी ननद को कुचल दिया। नवविवाहिता का मंगलवार को ही पिरान कलियर में निकाह हुआ था।
विवाहिता बाइक से देवर और ननद के साथ घर लौट रही थी। वहीं, ऋषिकुल आयुर्वेदिक कालेज के गेट के ठीक सामने सोमवार देर रात कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुल चार लोगों की मौत
पुलिस के मुताबिक हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे में एक बाइक ऋषिकेश की ओर जा रही थी। दूधाधारी चौक के पास बाइक को पीछे से टाटा सफारी ने टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक में दो महिला समेत तीन लोग सवार थे।
इसी बीच पीछे से आ रहे डंपर ने दो महिलाओं को कुचल दिया। जबकि बाइक सवार बाल बाल बच गया। टक्कर मारने के बाद टाटा सफारी चालक फरार हो गया। हादसा मंगलवार अपराह्न साढ़े तीन बजे की है।
एसएसआई अजय सिंह के मुताबिक मृतकों की शिनाख्त साहिबा (18) पत्नी इस्लाम, जरीना (48) पत्नी भोला खान निवासी हीरालाल मार्ग गोविंद नगर ऋषिकेश हुई। जबकि, घायल युवक इरफान पुत्र भोला खान है।
पुलिस के मुताबिक साहिबा की शादी मंगलवार को ही इस्लाम के साथ हुई थी। वे पिरान कलियर में निकाह पढ़वाकर लौट रहे थे। इस्लाम एवं अन्य परिजन उनके पीछे पीछे ऑटो से आ रहे थे। साहिबा मोटरसाइकिल पर अपने देवर इरफान और ननद जरीना के साथ आ रही थी। साहिबा का मायका पश्चिम बंगाल के गांव बुटवाड़ी स्टेशन देवोसी खाता है। वह 24 अप्रैल से ऋषिकेश में ही रिश्तेदारी में रह रही थी।
दोनों युवकों की उम्र 20-22 साल के
उधर, रानीपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कालोनी निवासी पेंटर दीपक तिवारी पुत्र राजेंद्र तिवारी और जगदीश पुत्र विजयपाल मोटरसाइकिल से हरिद्वार आ रहे थे। ऋषिकुल आयुर्वेदिक कालेज के पास पहुंचते ही एक कार अचानक ऋषिकुल कालेज की तरफ मुड़ गई। इससे मोटरसाइकिल और कार की आपस में टक्कर हो गई।
दुर्घटना में घायल बाइक सवार दीपक और जगदीश की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। दीपक और जगदीश ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसा सोमवार देर रात करीब साढे़ ग्यारह बजे का है। पुलिस के मुताबिक दोनों युवकों की उम्र 20-22 साल है।
मायापुर चौकी प्रभारी रमेश सैनी के मुताबिक विजयपाल की ओर से कार चालक अनिल चौहान पुत्र वीर सिंह निवासी निकट टाउन हाल निवासी मायापुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक अनिल किसी परिचित की कार मंगाकर कहीं जा रहा था। हादसे में युवकों की मौत की खबर से विष्णु लोक कालोनी में मातम पसर गया।