बनबसा के रास्ते भारत से जुड़ेगा नेपाली बंदरगाह, मधेसी आंदोलन से बढ़ी थी इस मार्ग की महत्ता
- 4.5 किमी सड़क निर्माण की डीपीआर के लिए एनएचएआई और वन विभाग का संयुक्त सर्वे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेपाल में बन रहे सूखा बंदरगाह (ड्राईपोर्ट) से भारत को मिलाने वाली सड़क के निर्माण के काम में तेजी आने लगी है। इसके लिए एनएचएआई और वन विभाग के अधिकारियों ने तीन दिन पूर्व तय स्थल का संयुक्त सर्वे किया। इसकी डीपीआर बनाकर भारत सरकार को भेजी जाएगी। नेपाल के सूखा बंदरगाह को जोड़ने वाली सड़क अब गढ़ीगोठ में नए सर्वे स्थल पर बनाई जाएगी।
भारत-नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 11 के पास नेपाल के चांदनी में बनने वाले नेपाली सूखा बंदरगाह को भारत से जोड़ने के लिए बनबसा के गढ़ीगोठ से जगबूड़ा पुल के पास एनएच से मिलाया जाएगा। करीब 4.5 किमी लंबे मार्ग पर रेलवे लाइन पर फ्लाईओवर और शारदा नहर पर पुल बनाया जाएगा। इसके लिए यूपी सिंचाई विभाग और रेलवे के साथ सर्वे के बाद एनएचएआई डीपीआर बनाएगी।
तीन दिन पूर्व 18 फरवरी को एनएचएआई और पूर्वी तराई वन विभाग की टीम स्थलीय निरीक्षण करने मौके पर पहुंची। रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि वन विभाग ने कम से कम पेड़ों के कटान की सिफारिश है। गढ़ीगोठ के लाटाखल्ला, भैंसाझाला के ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए करीब ढाई माह पूर्व एनएचएआई ने सड़क सर्वे का अलाइनमेंट (समरेखण) बदल दिया था। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि एनएचएआई केंद्र सरकार को डीपीआर भेजेगी, जिसके बाद सरकार ही अंतिम निर्णय लेगी।
मधेसी आंदोलन से बढ़ी थी इस मार्ग की महत्ता
वर्ष 2016 में नेपाल में मधेसी आंदोलन के बाद भारतीय सीमा से नेपाल के लिए वाहनों का आवागमन ठप होने से वहां वस्तुओं का अभाव होने लगा था, लेकिन बनबसा सीमा से लगे नेपाल के कंचनपुर जिले में मधेसियों का प्रभाव न होने से इस सीमा से नेपाल को सामान की खेप पहुंचती रही। तब से ही नेपाल सरकार बनबसा सीमा पर पिलर संख्या 11 के पास सूखा बंदरगाह बनाने की पहल कर रही है।
नहीं खुल सकी बनबसा से लगी नेपाल सीमा
चंपावत में डीएम की अनुमति के बावजूद शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह से नहीं खुल सकी है। केवल नेपाली नागरिक ही पूर्व की भांति आवागमन कर रहे हैं। नेपाल के महेंद्रनगर बाजार में शनिवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण सीमा पर तैनात नेपाली सुरक्षा एजेंसियों को सीमा खोलने के लिए कंचनपुर के सीडीओ (जिलाधिकारी) का लिखित आदेश नहीं मिल सका है। इसी कारण शनिवार को भारतीय नागरिक नेपाल नहीं जा पाए।