विकासनगर। स्वच्छ भारत अभियान के तहत उत्तराखण्ड एनसीसी निदेशालय की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जीआईसी हरबर्टपुर से शुरू हुई रैली का शुभारंभ एनसीसी ग्रुप देहरादून के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एसपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस रैली में 29यूके बटालियन और 11 यूके बालिका बटालियन के एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रशिक्षण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल केबी चंद के नेतृत्व में यह एनसीसी कैडेट्स करीब 83 किमी तक साइकलिंग कर ऋषिकेश तक जाएंगे। रात्रि को देहरादून में विश्राम के बाद बुधवार को कैडेट्स ऋषिकेश के लिए रवाना होंगे। ब्रिगेडियर एसपी सिंह ने बताया कि ऋषिकेश में कैडेट्स एनसीसी ग्रुप रुड़की को साइकिल रैली की कमान सौंप दी जाएगी। रुड़की के कैडेट्स रैली को मुजफ्फरनगर तक लेकर जाएंगे। 20 सितंबर को मुजफ्फरनगर में यह रैली समाप्त हो जाएगी। इस अवसर पर 29 यूके बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल सुदीप बोस, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल करण भगत, देहरादून ग्रुप के डिप्टी ग्रुप कमांडर सौरभ शाह, 11 यूके बटालियन के कमान अधिकारी डीके पाठक, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एमएस चौहान, मेजर एसके बिश्नोई, तृतीय अधिकारी विभा, सूबेदार मेजर बलजिंदर मौजूद रहे।