नवोदय विद्यालय में 11वीं के छात्र ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट पढ़ हिल जाएंगे
जवाहर नवोदय विद्यालय खैरासैंण, पौड़ी के 11वीं के छात्र ने सोमवार शाम टायलेट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र की किताबों के बीच से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें खुदकुशी की वजह विद्यालय में बोर होना बताया है। विद्यालय में दो माह के भीतर छात्र की खुदकुशी की यह दूसरी घटना है।
राजस्व पुलिस के अनुसार थलीसैंण बाजार निवासी शिक्षक विजय साहू का 16 वर्षीय पुत्र राजेश साहू जवाहर नवोदय विद्यालय खैरासैंण में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। राजेश सोमवार की शाम साढ़े छह बजे क्लास छोड़कर अपने हॉस्टल में चला गया।
करीब सात बजे क्लास समाप्त होने पर सहपाठी जब हॉस्टल में लौटे तो वार्ड का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था।
चार पेज का मिला सुसाइड नोट
अनहोनी की आशंका के चलते छात्रों ने दरवाजे के ऊपर लगे कांच को तोड़कर दरवाजे की कुंडी खोली। टायलेट में जाने पर देखा तो राजेश टीन शेड के एंगल पर रस्सी और गमछे के सहारे लटका था।
राजेश को राजकीय संयुक्त चिकित्सालय सतपुली लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह राजस्व विभाग ने मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी भेज दिया।
छात्र की किताबों के बीच चार पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने आत्महत्या का कारण बोर होना लिखा है। सूचना मिलते ही तहसीलदार सतपुली सोबन सिंह रावत, राजस्व निरीक्षक सूर्य प्रकाश भट्ट, उपनिरीक्षक शिशुपाल रावत मौके पर पहुंचे गए।
पढ़ें, क्या लिखा है सुसाइड नोट में
चार पेज के सुसाइड नोट में राजेश ने लिखा है कि ‘सॉरी एवरी वन बट यू आर लेट। मैं मानता हूं कि सुसाइड करना बहुत गलत है, पर मेरी समस्या कुछ और है। न ही कोई लड़की का चक्कर है, न ही मुझे अपने नवोदय से कोई समस्या है, नवोदय इज द बेस्ट। बस घर में चांस नहीं था कुछ करने का और सामने फैमिली को भी पसंद नहीं आता, इसीलिए मजबूरी में स्कूल में करना पड़ा’।
आत्महत्या के मुख्य कारण में राजेश ने लिखा है कि ‘मैं छोटा था तो वीडियो गेम खेलता था। थोड़ा बड़ा हुआ तो मुझे फिल्मों का क्रेज हुआ, पर अब मेरी लाइफ बोरिंग हो गई है, इसलिए मैंने सोचा कि क्या होता है मरने के बाद। चेलेंजिग लाइफ कूल है, पर बोरिंग लाइफ फूल है’। परिवार, दोस्तों से माफी मांगते हुए पुलिस से इस मामले में किसी को भी अनावश्यक तंग न करने की बात भी राजेश ने सुसाइड नोट में लिखी है। अंत में राजेश ने लिखा है कि आई हेट यू गाड, सो आई एम कमिंग टू कमेंट आन यू।
दो माह के भीतर दूसरी घटना से अभिभावकों में रोष
जवाहर नवोदय विद्यालय खैरासैंण में दो माह के भीतर छात्र के आत्महत्या की दूसरी घटना होने से विद्यालय स्टाफ, छात्र एवं उनके परिजन हतप्रभ हैं। अभिभावकों में अपने बच्चों के प्रति असुरक्षा की भावना घर कर गई है।
गत वर्ष 25 नवंबर को 12वीं के छात्र अभिषेक हटवाल ने भी इसी तरह टायलेट में एंगल से लटककर फांसी लगा ली थी। सोमवार शाम की घटना की सूचना पाकर विद्यालय में पहुंचे अभिभावक चांद सिंह, पदम सिंह, योगेश चमोली, प्रेम बल्लभ, प्रेम सिंह, मंजू गुसाईं व आरती पंत समेत कई अभिभावकों ने इस प्रकार की घटनाओं के लिए विद्यालय प्रबंधन को कटघरे में खड़ा करते हुए आक्रोश जताया।
अभिभावकों का कहना था कि आखिर छात्र को आधी क्लास में क्यों छोड़ दिया गया। यदि सभी छात्रों को एक साथ छोड़ा जाता तो इस घटना को टाला जा सकता था।