मसूरी : किमाड़ी गांव में घुसे बदमाश, ग्रामीणों की मदद से चढ़े पुलिस के हत्थे
- बाकी बदमाशों की धरपकड़ के लिए देर रात चल रही थी क्षेत्र में पुलिस कांबिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कैंट और मसूरी थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित किमाड़ी गांव में मंगलवार देर रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। लोगों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो खुद को घिरता देख वे हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। गांव में पुलिस के पहुंचने पर देर रात ग्रामीणों की मदद से दो बदमाशों को पकड़ लिया था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब दस बजे मोटरसाइकिल सवार कुछ बदमाश गांव में घुस गए। बदमाशों ने गांव में दुकानों के शटर उखाड़ने शुरू किए। इसी दौरान किसी ने आवाज सुन दी। आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी तो गांव में जाग हो गई। बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि लोगों की भीड़ को आते देख बदमाशों ने हवाई फायर भी किए।
ग्रामीणों में दहशत फैल गई
ग्रामीणों के अनुसार, दो बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर मसूरी की तरफ भागे, जबकि तीन बदमाशों को देहरादून की तरफ भागते हुए देखा गया। गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मौके पर मोबाइल नेटवर्क ठीक से न आने के कारण पुलिस को सूचना देने में देरी हो गई। पहले बताया गया कि मामला मसूरी थाना क्षेत्र का है। मसूरी थाने से पुलिस मौके के लिए रवाना हुई।
साथ ही देहरादून से भी कैंट, राजपुर और अन्य थानों से पुलिस बल को मौके के लिए भेजा गया। कुछ देर बाद पता लगा कि यह इलाका कैंट क्षेत्र में आता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी श्वेता चौबे, सीओ मसूरी अरविंद सिंह रावत भी मौके के लिए रवाना हुए। अंधेरा होने और जगह ठीक से ट्रेस न हो पाने के कारण पुलिस को भी मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटे से अधिक का समय लग गया।
शहर में हुई सघन चेकिंग
पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने पूरी घटना की जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस और ग्रामीणों ने घेराबंदी करते हुए दो बदमाशों को देर रात पकड़ने में सफलता हासिल कर ली थी। साथ ही अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस देर रात टॉर्च की रोशनी में पूरे क्षेत्र को घेरकर कॉबिंग कर रही थी। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि अभी मामले में कांबिंग चल रही है। उसके बाद ही कुछ बता पाएंगी।
कुछ बदमाशों के देहरादून की ओर भागने की सूचना के बाद अधिकारियों ने शहर में भी पुलिस को अलर्ट कर दिया। शहर के नाकों पर चेकिंग बढ़ा दी गई। साथ ही शहर की सीमाओं को भी सील कर दिया गया। वाहनों को बिना चेकिंग के आने-जाने नहीं दिया गया।