भाजपा विधायक ठुकराल के खिलाफ मुस्लिम संगठन ने दी तहरीर, अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप
देहरादून में मुस्लिम सेवा संगठन ने संप्रदाय विशेष पर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर रुद्रपुर के भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में आने वाले तथ्यों के आधार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से रुद्रपुर के भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल वायरल वीडियो को लेकर निशाने पर हैं। हालांकि ठुकराल पहले ही वीडियो में छेड़छाड़ की बात कहकर अपना पक्ष रख चुके हैं।
मंगलवार को मुस्लिम सेवा संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी निवासी धामावाला अपने साथियों के साथ शहर कोतवाली पहुंचे। उन्हाेंने एसएसआई जितेन्द्र चौहान को विधायक ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी। कुरैशी का आरोप है कि विधायक का बयान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और धर्म विशेष की महिलाओं को अपमानित करने वाला है। एसएसआई चौहान ने तहरीर लेकर संगठन के पदाधिकारियों को जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
हर कोई आजाद है और उसे अपनी बात कहने का अधिकार है। तहरीर की मुझे कोई जानकारी नहीं है। इसमें कोई मामला बनता ही नहीं है, क्याेंकि वीडियो पुराना है और उसमें छेड़छाड़ की गई है।
-राजकुमार ठकराल, भाजपा विधायक, रुद्रपुर