उत्तराखंड: मलबा आने से 14 घंटे बंद रही चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क
- बीआरओ ने कई घंटों की मशक्कत के बाद सड़क पर यातायात किया सुचारु
- मलबे से बंद पड़ी जिले की चार अन्य सड़कों को नहीं खोल पाया लोनिवि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के विभिन्न हिस्सों में हुई भारी बारिश के कारण चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क पर भी मलबा आ गया। बीआरओ ने रविवार को मलबा हटाकर यातायात सुचारु कर दिया। इधर, भारी बारिश से पिछले चार दिनों से बंद सड़कों के लोनिवि अब तक नहीं खोल पाया है। इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क शनिवार की शाम वर्तीघाट के पास भारी मलबा आने के कारण बंद हो गई थी। सड़क के बंद होने से व्यास घाटी के ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
65 आरसीसी ने कड़ी मशक्कत के बाद रविवार को मलबा हटाकर सड़क में आवागमन शुरू कराया। लोनिवि जिले में पिछले चार दिनों से बंद मदकोट-दारमा, हुपली-सुंदरीनाग, डीडीहाट-पमस्यारी, बांसबगड़-धामी गांव, पौड़ी-घटकूना सड़क को नहीं खोल पाया है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने शीघ्र बंद सड़कों को खोलने की मांग की है।
धारचूला में हुई 11.2 मिमी बारिश
सीमांत जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। धारचूला में सर्वाधिक 11.2 मिमी बारिश हुई। डीडीहाट में 4.5, मुनस्यारी में 4.0, बेड़ीनाग में 1.5 मिमी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। काली नदी खतरे के निशान से दो मीटर नीचे 888.20 पर बह रही है। सरयू 446.10, गोरी नदी जौलजीबी 406.20 और गोरी नदी मदकोट 1211.60 पर बह रही है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण नदी किनारे रहने वाले लोग सहमे हैं।
बेड़ीनाग के सानधूरा में मकान की दीवारें ध्वस्त
नगर से सटे सानधूरा गांव में बारिश से एक मकान की दीवार ध्वस्त हो गई। मलबे से मकान में रखे सामान को क्षति पहुंची है। शनिवार शाम को तेज बारिश के दौरान विकासखंड के ग्राम सभा गराऊं के सानधूरा चर्च के पास महेंद्र सिंह पुत्र आनंद सिंह के मकान की दीवारें ध्वस्त हो गईं। अंदर का सामान मलबे में दब गया। दीवारों का मलबा गोठ में घुसने से जानवरों को बांधने के लिए भी स्थान नहीं है।
मकान के क्षतिग्रस्त होने के बाद महेंद्र सिंह ने पालतू जनवरों को पड़ोसी के गोठ में बांधा है। रविवार को आरएसआई कंचन प्रिया और ग्राम प्रधान संतोष पंत ने घटना स्थल में जा कर मौका मुआयना किया। महेंद्र सिंह ने राजस्व कर्मियों से मुआवजा देने की मांग की है।