खाई में गिरी मैक्स, मां-बेटी की मौत, 7 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चमोली के बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर शनिवार को सुबह सवा नौ बजे एक मैक्स वाहन करीब बीस मीटर नीचे खाई में जा गिरा। उसमें चालक समेत 14 लोग सवार थे। इनमें एक महिला व उसकी सात माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई है।
सात लोगों को घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य पांच सवारों पर हल्की चोटें आई हैं।
पगना गांव से चमोली आ रहा मैक्स वाहन दुर्मी गांव के समीप ठेला बगड़ नामक स्थान पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि सड़क पर चट्टानी भाग से मलबा आने के कारण चालक ने वाहन को पुश्ते के ऊपर से ले जाना चाहा, लेकिन पुश्ता धंस जाने के कारण वाहन सीधे खाई में जा गिरा। वाहन में सवार पाणा गांव निवासी वीरेंद्र सिंह फरस्वाण का कहना है कि जैसे ही वाहन अनियंत्रित हुआ, सवारियों में अफरातफरी मच गई और उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया।
दोनों तरफ के निकल गए थे पहिए
वाहन के दाहिनी तरफ के दोनों पहिए सड़क से बाहर निकल गए थे, जिससे वाहन पूरी तरह से खाई की ओर झुक गया और देखते ही देखते नीचे जा गिरा। वाहन में बीच की सीट पर बैठी पगना गांव निवासी सुनीता (19) पत्नी सतीश चंद्र व उसकी सात माह की पुत्री गुंजन बाहर छिटक गए।
पत्थरों से जा टकराया सिर
पत्थरों से सिर पर गहरे घाव लगने पर दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं मनीष कोठियाल पुत्र ओम प्रकाश कोठियाल, मैठाणा चमोली, मक्खन लाल पुत्र चमन लाल, पगना, चमोली, महेंद्र लाल पुत्र सुलभी लाल, पगना, चमोली, मदन सिंह-चालक पुत्र हयात सिंह, पगना, चमोली, थान सिंह पुत्र कुंदन सिंह, पाणा, चमोली, जमुना देवी पुत्री रणजीत सिंह, पाणा, चमोली, रणजीत सिंह पुत्र अवतार सिंह, पाणा, चमोली, वीरेंद्र सिंह पुत्र नारायण सिंह, पाणा, चमोली, सतीश चंद्र पुत्र दीवान लाल, पगना, चमोली, शिशुपाल सिंह पुत्र गब्बर सिंह, पगना, चमोली, स्वांरी देवी पुत्री शिशुपाल सिंह, पगना, चमोली, हरीश नेगी, कांडई, देवाल घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को गदेरे से निकालकर निजी वाहनों से जिला चिकित्सालय पहुंचाया। इधर, मुख्य चिकित्साधिकारी वीके शुक्ल का कहना है कि सभी घायल का उपचार शुरू कर दिया गया है। सभी खतरे से बाहर हैं। सूचना मिलते ही तहसीलदार मंजू राजपूत और ज्येष्ठ उपप्रमुख अयोध्या हटवाल मौके पर पहुंचे। नंदप्रयाग के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट और भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष तारा दत्त थपलियाल ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है।