पानी से भरे खड्ड में गिरी कार, दम घुटने से पत्नी सहित शिक्षक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की से सहारनपुर की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पानी से भरे खड्ड में गिर गई। पानी में दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कार का टायर फटने की वजह से यह हादसा हुआ है। लोगों ने बामुश्किल कार को खींचकर बाहर निकाला और उसके शीशे तोड़कर दंपति को बाहर निकाला। दंपति की कार के भीतर ही मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, आदर्शनगर निवासी धीर सिंह (54 वर्ष) पुत्र बलबीर सिंह कमालपुर के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक के पद पर तैनात थे। वह मूलरुप से ढंडेरी ख्वाजगीरपुर गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में परिवार सहित आदर्शनगर में रह रहे थे।
रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे शिक्षक धीर सिंह अपनी पत्नी मंजू सैनी के साथ कार में सवार होकर दवाई लेने के लिए निकले थे। जब उनकी कार भगवानपुर क्षेत्र स्थित रायपुर गांव के समीप पहुंची तो वहां पर कार का टायर अचानक फट गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे खड्ड में गिर गई।
बाहर निकलने के लिए झटपटाता रहा दंपति
खड्ड में बरसात का पानी भरा हुआ था। कार में सेंटर लॉक होने की वजह कार की खिड़की लॉक हो गई और कार धीरे-धीरे पानी में समा गई। दंपति कार से बाहर निकलने के लिए झटपटाता रहा। लेकिन कार की खिड़की नहीं खुली। कार में धीरे-धीरे पानी भर गया और दोनों की पानी में दम घुटने की वजह से मौत हो गई। ग्रामीणों की नजर जब इस ओर पड़ी तो वहां भीड़ एकत्रित हो गई।
लोगों ने मिलकर रेस्क्यू करते हुए कार के शीशे तोड़कर दंपति को बाहर निकाला। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
हादसे की सूचना चंद मिनटों में आग की तरह से पूरे शहर में फैल गई। इस पर उनके परिचित और शिक्षक बड़ी संख्या में सिविल अस्पताल की मोर्चरी पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को पुलिस ने उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।