'सेक्स पॉवर' के चक्कर में 150 फीट ऊंची चट्टान पर फंसा, 5 घंटे चला रेस्क्यू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक युवक पर सेक्स पॉवर बूटी पाने का ऐसा जुनून सवार हुआ कि उसने अपनी जान पर आफत बुला ली। वह बूटी पाने को चट्टान पर इतने ऊपर चला गया कि उसे बचाने के लिए पांच घंटे रेस्क्यू चलाना पड़ा। रविवार अपराह्न से फंसे युवक को करीब सात घंटे बाद सुरक्षित निकाला गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड, आपदा राहत की टीम ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद युवक को बचा लिया।
चंपावत के बाराकोट ब्लॉक के तल्ली ग्वीनाड़ा गांव का हरीश चंद्र (26) पुत्र बालादत्त रविवार अपराह्न करीब तीन बजे भारतोली के पास रोलिया कांठा की चट्टान पर शिलाजीत लेने के लिए चढ़ गया।
तकरीबन 150 फीट ऊंची चट्टान पर फंसने के बाद युवक ने अपने मोबाइल फोन से गांव के लोगों को खुद के फंसने की सूचना दी।
बाहर लाने के लिए लेनी पड़ी फ्लड लाइट की मदद
मौके पर पहुंचे एडीएम हेमंत वर्मा, जिला आपदा नियंत्रण अधिकारी मनोज पांडेय, थानाध्यक्ष डीएल वर्मा के नेतृत्व में गई फायर कर्मियों की टीम ने भारी मशक्कत के बाद रात करीब 10 बजे युवक को चट्टान से बाहर निकाला।
युवक को जेट पुली, जुमार डिसेंडर, केराबिनर, सिलिंग टेप आदि की मदद से निकाला गया। रात में काम को जारी रखने के लिए इमरजेंसी फ्लड लाइट की मदद ली गई। बाद में हरीश चंद्र का मेडिकल कराया गया। एक बोतल ग्लूकोज चढ़ाने के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
कुछ वक्त से बेरोजगार था हरीश
भारतोली की चट्टान में फंसा युवक हरीश प्राइवेट वाहन चलाता था लेकिन पिछले कुछ समय से वह बेरोजगार था। काम न होने से घर चलाने में परेशानी आ रही थी।
हरीश का कहना है कि उसने बड़े-बुजुर्गों से भारतोली के पास रोलिया कांठा की चट्टान में शिलाजीत होने की बात सुनी थी।
औषधीय उपयोग में आने के साथ ही इसकी कीमत भी काफी है। इस कारण वह रविवार अपराह्न किसी को बताए बिना चट्टान पर पहुंच गया। वहां फंस जाने से वह परेशानी में पड़ गया।
राहत कर्मियों की हौसलाअफजाई
फायर कर्मी हरीश गिरि, भूपेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह, राम सिंह, प्रकाश चंद, दया राम, रमेश चंद, बाल मुकुंद, पूरन गिरि समेत रियल एडवेंचर के आशीष जोशी, हरीश मेहता, विनीत राय आदि ने राहत कार्य में हाथ बंटाया। कड़ाके की ठंड के बीच इस टीम ने इस काम को अंजाम दिया।
आईटीबीपी के जवान भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही फंसे हरीश को निकाल लिया गया था। सीओ वीर सिंह, तहसीलदार नीलू चावला ने राहत कर्मियों की पीठ थपथपाई।
जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी, लोहाघाट के ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने रेस्क्यू में लगे पुलिस के जवान, सहयोगियों को सम्मानित करने की बात कही है।