कोटद्वार: आदमखोर गुलदार का नहीं लग रहा कोई सुराग,15 दिन से शिकारी कर रहे तलाश
- अंगणी गांव में गुलदार का नहीं मिल रहा सुराग, लोगों में खौफ बरकरार
- 25 जनवरी को पूर्व सैनिक पर किया था हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के कोटद्वार में गत 25 जनवरी को देर रात रिखणीखाल ब्लॉक के अंगणी गांव में एक पूर्व सैनिक पर हमला करने वाले आदमखोर गुलदार का कहीं सुराग नहीं मिल रहा है।
वन विभाग द्वारा गुलदार को आदमखोर घोषित किए जाने के बाद करीब 15 दिन से शिकारी दल गुलदार को मारने के लिए गांव में तैनात है, लेकिन गुलदार उनके हत्थे नहीं चढ़ रहा है। इसके कारण गांव के लोगों में गुलदार का खौफ बरकरार है।
25 जनवरी की रात करीब 10 बजे अंगणी गांव निवासी पूर्व सैनिक प्रवीन सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निकटवर्ती ग्राम मनीगांव से लौट रहा था। तभी रास्ते मेें झाड़ी के अंदर घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया।
इसमें प्रवीन सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने छह फरवरी को गुलदार को आदमखोर घोषित किया और सात फरवरी को गांव में शिकारी दल तैनात कर दिया गया था।
अंगणी गांव निवासी एडवोकेट जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि गांव में आदमखोर गुलदार को मारने के लिए शिकारी दल तैनात है, लेकिन उसके मारे नहीं जाने के कारण अभी तक लोगों में गुलदार की दहशत बनी हुई है।
उधर, पोखड़ा रेंज अधिकारी राखी जुयाल ने बताया कि गांव में शिकारी दल गुलदार की ताक में बैठा है, लेकिन इन दिनों गांव के आसपास गुलदार की मूवमेंट नहीं हो रही है। गुलदार को मारने के लिए छह मार्च तक के निर्धारित समय तक शिकारी दल गांव में ही तैनात रहेगा।