नई टिहरी में एक गुलदार हुआ ढेर तो दो बने आदमखोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई टिहरी में जाखणीधार के म्यूंडा में दहशत का पर्याय बना एक गुलदार ढेर हो गया तो वहीं दो गुलदारों ने दो महिलाओं पर हमला बोल दिया।
जाखणधार के म्यूंडा गांव में शनिवार देर रात एक आदमखोर गुलदार गोली का शिकार हो गया। एक बालिका को निवाला बनाने और दूसरी को घायल करने वाला उक्त गुलदार शूटर गंभीर सिंह भंडारी की गोली का निशाना बना।
गुलदार चौंड़ गांव में मारा गया। जबकि दूसरी ओर, नंदगांव और छोलगांव में गुलदार ने दो महिलाओं पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। नंदगांव में गुलदार महिला पर हमला कर कमरे में घुस गया।
म्यूड़ा गांव में गुलदार ने 19 जुलाई को अनुष्का पुत्री दिनेश कुमाईं को घर से उठाकर निवाला बना दिया था। जबकि 22 जुलाई को गांव की ही साक्षी पुत्री सुरेश पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
वन विभाग ने 23 जुलाई को म्यूंड़ा में पौखाल से बुलाए गए शूटर गंभीर सिंह को तैनात किया था। इस बीच म्यूंडा से करीब पांच किमी दूर चौंडगांव में गुलदार कमल लाल खत्री एवं मोहन लाल के घर से कुत्ते को उठाकर ले गया।
दोनों ग्रामीणों ने गुलदार का पीछा कर बमुश्किल कुत्ते को छुडाया। तब म्यूंडा गांव में तैनात शूटर एवं वन विभाग के कर्मियों को गांव बुलाया गया।
दो महिलाओं पर गुलदार ने किया हमला
शूटर भंडारी ने रात करीब 11 बजे गुलदार को मार गिराया। मौके पर पहुंचे विधायक विक्रम नेगी ने शूटर गंभीर सिंह को 21 सौ रुपये का नकद पुरस्कार दिया है।
साथ ही मृतक बालिका के परिजनों एवं घायल के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता देने का आश्वासन दिया। प्रधान आशा देवी, रेंज अधिकारी शरत नेगी, चक्रधर भद्री, हुकम सिंह अग्निहोत्री, प्रेमदत्त थपलियाल, प्यारे उनियाल, अजयपाल पंवार, केदार रावत, फते सिंह आदि मौजूद थे।
दूसरी ओर नई टिहरी में ही गुलदार ने रविवार सुबह 11 बजे छोलगांव निवासी जसोदा देवी (40) पत्नी सोहन सिंह पर हमला कर घायल कर दिया। महिला को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव में भर्ती कराया गया है।
जबकि दोपहर 12 बजे नंदगांव में घर के छज्जे पर धूप में सो रही बुद्धा देवी (45) पत्नी हर्षमणी थपलियाल पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर गुलदार कमरे में घुस गया। ग्रामीणों ने दरवाजा बंद कर गुलदार को भीतर कैद कर दिया। जबकि महिला को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव में भर्ती कराया है।
जहां चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रैफर कर दिया है। मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन कर्मियों को खरीखोटी सुनाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने गुलदार को मौके पर मारने की मांग की।
गुलदार को पकड़ने के लिए वन कर्मी पिंजरा लगा दिया है। ग्रामीण गुलदार को मौके पर ही मारने की मांग कर रहे हैं।
- आरपी मिश्रा, प्रभागीय वनाधिकारी