मामा-भांजे ने नाबालिग भांजी के प्रेमी को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, जंगल में दफनाया शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के बागेश्वर में परिवार की एक नाबालिग लड़की से युवक के प्रेम प्रसंग से बौखलाए मामा-भांजे समेत तीन लोगों ने युवक को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को सात किलोमीटर दूर खलीधार के जंगल में दफना दिया। पुलिस ने मंगलवार को शव बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कपकोट तहसील के अंतर्गत ग्राम कर्मी के तोक लोरा निवासी खिलाफ सिंह कर्म्याल (24) पुत्र भवान सिंह कर्म्याल रविवार शाम घर से निकला था। सोमवार शाम तक घर नहीं लौटेने पर चिंतित परिजनों ने कपकोट पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने भी ढूंढ खोज की। मंगलवार सुबह गांव के ही कुछ लोग जंगल में खोज करने के लिए निकले तो रास्ते में उन्हें खून के छींटे दिखाई दिए। इस पर परिजनों को किसी अनहोनी का अंदेशा हो गया। पुलिस ने परिजनों के संदेह जताने पर हरीश सिंह, ललित सिंह और हरीश के मामा चंदन सिंह को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।
इस पर उन्होंने चाकू से गोदकर खिलाफ सिंह की हत्या करने और शव को अल्टो कार में रखकर सात किमी दूर खलीधार के जंगल में दफनाने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल में एक गड्ढे से खिलाफ सिंह का शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, गेंठी, संबल, रस्सी और अल्टो कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के परिवार की एक लड़की से खिलाफ सिंह का प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार वालों के लाख कहने पर भी उनका मिलना जारी रहा। इसी के चलते आरोपियों ने खिलाफ सिंह की हत्या कर दी।
बागेश्वर डिग्री कॉलेज में बीए का छात्र था मृतक
कर्मी के लोरा तोक निवासी खिलाफ सिंह बागेश्वर डिग्री कालेज में बीए का छात्र था। वह बागेश्वर में अपने जीजा शेर सिंह के साथ रहता था। होली की छुट्टियों में वह गांव गया हुआ था। उसकी हत्या से कॉलेज के साथी बेहद दुखी हैं। दोस्त बताते हैं खिलाफ ने होली के दिन सबको होली की शुभकामना देते हुए जल्द वापस लौटने की बात कही थी।