रुड़की: तीन गन्ना कोल्हुओं पर हथियारबंद बदमाशों ने बरपाया कहर, ठेकेदारों को बंधक बनाकर की लूटपाट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने शनिवार देर रात तीन गन्ना कोल्हुओं पर जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर मजदूरों और ठेकेदारों से मारपीट भी की। इतना ही नहीं बदमाशों ने खेत में पानी दे रहे एक किसान को भी पीट दिया। इसके बाद बदमाश तमंचे हवा में लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। ठेकेदारों की तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी में है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा-गुरुकुल मार्ग पर जुल्फिकार, मुशर्रफ और दिलशाद के गन्ना कोल्हू हैं। शनिवार रात करीब 12 बजे जुल्फिकार के कोल्हू में आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश घुस आए। उन्होंने हथियारों के बल पर मजदूरों को बंधक बना लिया और उनसे 15 हजार की नकदी लूट ली।
इसके बाद बदमाश मुशर्रफ के कोल्हू में जा घुसे। बदमाशों ने यहां भी हथियारों के बल पर मजदूरों को बंधक बना लिया और करीब 20 हजार की नकदी लूट ली। मजदूरों ने विरोध किया तो उन्होंने मारपीट कर दी।
इसके बाद बदमाश पास ही स्थित दिलशाद के कोल्हू पर पहुंचे और सभी को बंधक बनाने के बाद 12 हजार की नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। बदमाश यहीं नहीं रुके, उन्होंने खेत में पानी दे रहे एक किसान को पकड़ लिया और उसके साथ भी मारपीट की।
इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए जंगल की ओर फरार हो गए। रविवार सुबह सभी ठेकेदार थाने पहुंचे और एसओ प्रदीप मिश्रा को घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी। एसओ प्रदीप मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। लूटपाट करने वालों बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगा दी गई है।
बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है। पिछले दिनों पुलिस ने एक बदमाश को मुठभेड़ में पकड़ा भी था। जल्द ही लूटपाट करने वाले बदमाशों को पकड़ा जाएगा।
-मणिकांत मिश्र, एसपी देहात