रुड़की: ड्रग इंस्पेक्टर ने दो मेडिकल स्टोरों पर मारा छापा, प्रतिबंधित दवाईयां बेचते मिले 12वीं पास युवक
- दवाइयां सील, दोनों मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के रुड़की के भगवानपुर में ड्रग इंस्पेक्टर ने सोमवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे रायपुर में दो मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। जांच में दोनों मेडिकल स्टोरों पर नशीली और प्रतिबंधित दवाइयां मिली। टीम ने दोनों मेडिकल स्टोर पर मौजूद दवाइयां भी सील कर दी। दोनों मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। जांच में खास बात यह सामने आई कि दोनों मेडिकल स्टोर एक ही मालिक के हैं।
औषधि विभाग की छापामार कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कई मेडिकल स्टोर संचालक दुकानें बंद कर फरार हो गए। ड्रग इंस्पेक्टर एमएस राणा ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिल रही थी कि रायपुर क्षेत्र में कुछ मेडिकल स्टोरों में नशीली दवाइयां बेची जा रही हैं। जब गोपनीय जांच कराई गई तो बात सही निकली। सोमवार को टीम के साथ रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में दो मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। इस दौरान दोनों मेडिकल स्टोरों में नशीली दवाइयां और इंजेक्शन मिले। कुछ प्रतिबंधित दवाइयां भी मिली। जांच के दौरान मेडिकल स्टोरों में उनका स्वामी नहीं मिला।
दोनों स्टोरों में फार्मासिस्ट भी नहीं था। दोनों मेडिकल स्टोरों में मौके पर दो लड़के मिले, वे भी 12 वीं पास थे और वेतन पर मेडिकल स्टोर में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मेडिकल स्टोरों को सीज कर उनका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति कर दी गई है। उन्होंने बताया कि दोनों ही मेडिकर स्टोर एक ही व्यक्ति के हैं। औषधि विभाग की टीम की कुछ अन्य मेडिकल स्टोरों में भी छापा मारना था, लेकिन कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद कई मेडिकल स्टोर संचालक स्टोर पर ताला डालकर मौके से गायब हो गए।
मेडिकल स्टोर चलाने की अनुमति तक नहीं
शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई नर्सिंग होम ऐेसे चल रहे हैं जो फर्जी तरीके से मरीजों का इलाज कर रहे हैं। उन्होंने अपने नर्सिंग होम में ही फर्जी मेडिकल स्टोर भी खोला हुआ है। इन स्टोरों पर अंदर से ही महंगे दामों पर दवाईयां दी जाती हैं, लेकिन कभी औषधि विभाग ने इन नर्सिंग होम को झांककर नहीं देखता। कई नर्सिंग होम संचालक डॉक्टर की फर्जी डिग्री लिखकर लोगों को गुमराह भी कर रहे हैं। जबकि जिस डॉक्टर का विवरण साइनबोर्ड पर दिया जाता है वह डॉक्टर यहां रहता हीं नहीं।
कार्रवाई से पहले से खोल दिया मेडिकल स्टोर
करीब एक महीने पहले ड्रग इंस्पेक्टर एमएस राणा ने भगवानपुर में थाने के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर पर 18 अप्रैल को छापा मारा था। इस दौरान मेडिकल स्टोर में नशीली और प्रतिबंधित दवाइयां मिली थी। ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की थी। साथ ही मेडिकल स्टोर पर सील लगा दी थी। सोमवार को मेडिकल स्टोर की सील खुली मिली। ड्रग इंस्पेक्टर का कहना है कि मेडिकल स्टोर की सील कैसे खुली जांच कर कार्रवाई की जाएगी।