अब हरिद्वार कोर्ट में वकीलों ने कांग्रेसी नेता को दौड़ा कर पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक अधिवक्ता के पुत्र और उसके दोस्तों की पिटाई में नामजद कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद खारी व उनके दोस्त को हरिद्वार जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
आरोप है कि गुरुवार को वकीलों ने गले में पहने काले धागे को खींचकर खारी का गला घोंटने का प्रयास किया। अधिवक्ताओं ने कांग्रेस नेता खारी और उसके दोस्त को पकड़कर कोर्ट चौकी में सौंपकर जमकर हंगामा काटा। सीओ से भी अधिवक्ताओं की नोंकझोंक हुई। पुलिस ने कांग्रेस नेता और उसके दोस्त का चालान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शिवालिक नगर के जे कलस्टर में कांग्रेस नेता प्रमोद खारी पुत्र पूर्व दर्जाधारी मंत्री डीपी खारी का घर है। बुधवार शाम कुछ छात्र कालोनी के पार्क में खेल रहे थे जिस पर डीपी खारी ने नाराजगी जताई। जब छात्र नहीं माने तो प्रमोद खारी, मनोज, व ड्राइवर आदि ने छात्र हर्ष, सागर व रजत को बेल्टों से खूब पीटा।
बुधवार देर रात इन छात्रों के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गैस प्लांट चौकी का घेराव किया। एक छात्र के पिता बलवीर निवासी गांव रावली महदूद ने कांग्रेसी नेता, उसके पिता, भाई, ड्राइवर सहित छह व्यक्तियों के खिलाफ जातिसूचक शब्द कहने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
कोर्ट परिसर में ही गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी
गुरुवार दोपहर प्रमोद खारी अपने समर्थकों के साथ जिला न्यायालय परिसर में पहुंचे। एक छात्र के पिता अधिवक्ता ऋषिपाल सैनी का आरोप है कि खारी ने कोर्ट परिसर में ही गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इस बात से गुस्साये अधिवक्ताओं ने खारी और उनके समर्थकों की घेराबंदी कर ली।
कुछ समर्थक तो भाग निकले लेकिन मौके पर फंसे प्रमोद खारी व उसके दोस्त सुरेश मोहन पुत्र बेलीराम निवासी ए-11 सुभाष नगर ज्वालापुर को वकीलों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। कोर्ट परिसर से अधिवक्ता पिटाई करते हुए सीधे कोर्ट चौकी ले गए। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस हिरासत में प्रमोद खारी के मोबाइल पर बात करने से गुस्साये अधिवक्ताओं की सीओ राजेश भट्ट से नोंकझोंक भी हुई। इसके बाद पर पुलिस ने खारी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। इसके बाद अधिवक्ता प्रमोद खारी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
पुलिस ने प्रमोद खारी और उसके दोस्त का चालान कर दिया। फिर उनको सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। एसएसआई कुंदन सिंह राणा ने बताया कि प्रमोद खारी के पिता, भाई, ड्राइवर एवं अज्ञात समर्थकों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रहे हैं।