छात्रसंघ चुनाव विवाद को लेकर दो गुटों में चले लात-घूंसे, कई छात्र चोटिल, चार पर मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव विवाद थम नहीं रहा है। अध्यक्ष पद का चुनाव रद्द होने से आक्रोशित अभाविप व जय हो छात्र संगठन के कार्यकर्ता शनिवार देर रात आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले।
पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो छात्रों के खिलाफ मारपीट और गाली गलौच के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अराजकता फैलाने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव विवाद के चलते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और जय हो छात्र संगठन के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। विवि प्रशासन द्वारा छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव रद्द किए जाने से बौखलाए अभाविप व जय हो छात्र संगठन के कार्यकर्ता अब आपस में भिड़ रहे हैं।
शनिवार शाम बिड़ला परिसर के गेट पर दोनों गुट आमने-सामने हो गए थे। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। नौबत मारपीट तक पहुंचती, इससे पहले पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छात्रों को यहां से हटा दिया। पुलिस कुछ छात्रों को कोतवाली भी ले आई थी।
लेकिन इसी बीच देर रात करीब 11 बजे गोला बाजार में फिर दोनों गुट आमने सामने हो गए। दोनों गुटों में जमकर लात घूंसे चलने से कई छात्र चोटिल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को शांत कराया।
बाद में दोनों गुटों के छात्रों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि छात्रों की तहरीर पर चार के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौच के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। करीब 19 छात्रों का शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया गया है।