बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन का खतरा बरकरार, बढ़ सकती है मुश्किलें
बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ भूस्खलन जोन अभी भी खतरनाक बना हुआ है। चमोली जिला प्रशासन ने मौसम खराब होने पर हाईवे के डेंजर जोन लामबगड़, हाथी पर्वत और बैनाकुली में एसडीआरएफ की टीमें तैनात की हैं। लामबगड़ में तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए पुलिस के जवानों की तैनाती भी की गई है।
बदरीनाथ हाईवे पर कहीं भी हिमखंड नहीं दिख रहे हैं, अलबत्ता देव दर्शनी के समीप अलकनंदा में करीब 250 मीटर का हिमखंड पसरा हुआ है। कंचन गंगा में हाईवे सुगम बना हुआ है। यहां अलकनंदा साइड बीआरओ ने सुरक्षा दीवार बनाई है।
भीड़ के चलते लोगों को जाम से जूझना पड़ा
वर्ष 2013 की आपदा में बह चुके लामबगड़ बाजार में भी अस्थाई रुप से ग्रामीणों द्वारा चाय और पेय पदार्थों की दुकानें खोली गई हैं। प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा लेने के लिए यहां भी तीर्थयात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ जुट रही है।
बदरीनाथ धाम में अंखड ज्योति के दर्शनों के लिए भारी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से शुक्रवार को जोशीमठ में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन की ओर से जोशीमठ नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिये वन वे व्यवस्था लागू की गई है, लेकिन अधिक संख्या में तीर्थयात्री वाहनों के पहुंचने से यहां तीर्थयात्रियों को जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ा।