Yamunotri Highway: ओजरी डाबरकोट में भूस्खलन, बोल्डर की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की मौत
पुलिसकर्मी चमन सिंह डाबरकोट में वाहनों की आवाजाही करा रहे थे। तभी पहाड़ी से बोल्डर रास्ते पर गिर गए। बोल्डर की चपेट में आने से वे घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
यमुनोत्री हाईवे पर नासूर बने ओजरी डाबरकोट में रविवार को भूस्खलन हो गया। इस दौरान बोल्डर की चपेट में आने से वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल चमन सिंह तोमर(37) निवासी बानसू लखवाड़ और उनके साथ एक होमगार्ड जवान ओजरी डाबरकोट के पास भूस्खलन जोन में ड्यूटी पर थे।
वे वहां से वाहनों की आवाजाही करा रहे थे। तभी पहाड़ी से बोल्डर रास्ते पर गिर गए। बोल्डर की चपेट में आने से चमन सिंह घायल हो गए। पुलिस जवानों ने उन्हें उपचार के लिए सीएचसी बड़कोट पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषत कर दिया। सीओ बड़कोट सुरेंद्र सिंह भंडारी का कहना है कि शव का पंचनामा भर परिजनों को सूचना दी गई है।
Badrinath Highway: छिनका में खतरे के बीच हो रही यात्रा वाहनों की आवाजाही, पहाड़ी से अटके हैं भारी भरकम बोल्डर
हृदयगति रुकने से महिला तीर्थयात्री की मौत
यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आई एक महिला तीर्थयात्री की रविवार को हृदयगति रुकने से मौत हो गई। महिला को पीएचसी जानकीचट्टी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 9 बजे मीनाक्षी मसाले (73) पत्नी वावसो विठोवा मसाले निवासी ग्राम इमगोड़ा पाटिलनगर जिला कोल्हापुर महाराष्ट्र की जानकीचट्टी पार्किंग में अचानक तबीयत खराब हो गई जिससे परिजन तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी ले गए जहां डॉक्टरों महिला की हृदयगति रुकने से मौत होना बताया।