{"_id":"6e4ed0f7dd84ce83b804d1c335db0b69","slug":"land-mafia-sell-forest-land-in-haridwar","type":"story","status":"publish","title_hn":"50 रुपए के स्टांप पर बेच डाली वन भूमि","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
50 रुपए के स्टांप पर बेच डाली वन भूमि
आलोक पंवार / अमर उजाला, ऋषिकेश
Updated Sun, 03 Aug 2014 11:06 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भूमाफिया का कारनामा देखिए, 50 रुपए के स्टांप पर आरक्षित वन क्षेत्र की भूमि पर कब्जा किया और प्लाटिंग कर डाली।
विज्ञापन
तीन साल बाद वन विभाग की नींद खुली तो हड़कंप मच गया। आनन फानन में कब्जा हटाया। कार्रवाई से प्लॉट खरीदने वालों में खलबली मची है।
14 बीघा भूमि का ऐग्रीमेंट दो पक्षों के नाम
मामला ऋषिकेश रेंज के मंसादेवी क्षेत्र का है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक गंगानगर निवासी एक भूमाफिया ने मंसादेवी में आरक्षित वन क्षेत्र में करीब 14 बीघा भूमि को अनधिकृत कर उसका ऐग्रीमेंट दो पक्षों के नाम बनवा दिया।
वह भी 50 रुपए के स्टांप पर। सूत्रों के मुताबिक ऐग्रीमेंट 2011 में हुआ है। वन भूमि का सौदा करीब 1.40 करोड़ में किया गया है। मजे की बात यह कि वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी।
विज्ञापन
आरक्षित वन भूमि के खुर्दबुर्द का वन विभाग को उस वक्त पता चला, जब यहां प्लाटिंग होने के बाद कुछ लोगों ने मकान की नींव भरनी शुरू कर दी।
सप्ताहभर पहले बीट इंचार्ज की शिकायत पर रेंजर ने अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कराया।
ऐग्रीमेंट की मूल कापी नहीं आई हाथ
वन विभाग के मुताबिक वन भूमि के सौदे की ऐग्रीमेंट की मूल कॉपी हाथ नहीं लगी है। बमुश्किल छाया प्रति मिली है। मूल कॉपी मिलने के बाद कब्जाधारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
146 मामले डीएफओ कोर्ट में लंबित
वन भूमि भूमाफिया के लिए सोने का अंडा देने वाली मुर्गी से कम नहीं है।
पिछले एक दशक में अमितग्राम गुर्जर बस्ती, टोंगिया प्लांटेशन में वन भूमि पर हुए करीब 146 अवैध कब्जों को वन विभाग चिह्नित कर चुका है, लेकिन आज तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
रेंज अधिकारी इन मामलों को प्रभागीय वनाधिकारी दून की कोर्ट में लंबित बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं।
अवैध कब्जे की रिपोर्ट को भेजे हुए चार साल से अधिक समय हो चुका है। वन विभाग की लापरवाही से भूमाफिया के हौसले बुलंद हैं।
प्लाट खरीदने वाले काट रहे चक्कर
वन विभाग की कार्रवाई के बाद आरक्षित वन क्षेत्र में प्लॉट खरीदने वालों में खलबली मची है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक ऐसे लोग रेंज कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
सेटिंग गेटिंग करने की जुगत लड़ा रहे हैं। विभागीय कर्मी ऐसे लोगों को दो टूक जवाब देकर लौटा रहे हैं।
गंगानगर निवासी सीताराम ने संजय अग्रवाल निवासी मायाकुंड और विजय कुमार मिश्रा निवासी भगवान बाजार के नाम एग्रीमेंट किया है। उसकी छाया प्रति मिली है। वन भूमि में अवैध प्लाटिंग कर जगह का नाम 14 बीघा रख दिया। ऐग्रीमेंट 50 रुपए के स्टांप पर बना है, जिसमें 1.40 करोड़ की धनराशि का उल्लेख किया गया है। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
- गंगा सागर नौटियाल, वनक्षेत्राधिकारी, ऋषिकेश रेंज