{"_id":"5fda443d8ebc3e410e78c83f","slug":"kumbh-mela-2021-traffic-will-be-completely-closed-on-shahi-snan-in-haridwar","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kumbh Mela 2021: शाही स्नान पर हरिद्वार में पूरी तरह बंद रहेगा यातायात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kumbh Mela 2021: शाही स्नान पर हरिद्वार में पूरी तरह बंद रहेगा यातायात
Wed, 16 Dec 2020 11:03 PM IST
अलका त्यागी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
Published by: अलका त्यागी
Updated Wed, 16 Dec 2020 11:03 PM IST
सार
- आईजी कुंभ ने सिडकुल के उद्यमियों के साथ की बैठक
- औद्योगिक इकाइयों और पुलिस समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नामित
विज्ञापन
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विस्तार
आईजी कुंभ संजय गुंज्याल ने सीसीआर भवन में सिडकुल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कुंभ मेला की व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव मांगे। सुझाव सुनने के बाद आईजी ने कहा कि शाही स्नान पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। आईजी ने उद्योगों और मेला पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय बनाने के लिए रानीपुर सेक्टर के प्रभारी को नोडल अधिकारी की नियुक्त किया। कुंभ के दौरान समन्वय बनाए रखने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और सैनिक फार्म स्थित भूमि को औद्योगिक वाहनों की पार्किंग के लिए आवंटित करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
आईजी संजय गुंज्याल ने कहा कि स्नान पर्वों के दौरान भीड़ की संभावना को देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन प्रतिबंधित करना और मार्ग बदलना आवश्यक होता है। किसी भी परिस्थिति में सिडकुल एसोसिएशन को समय रहते अवगत कराया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों के आवागमन पर भी स्नान पर्वों में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। इसलिए आवश्यक है कि पूर्व में हुए महाकुंभ एवं अन्य बड़े मेलों के आयोजनों के अनुभवों को दृष्टिगत रखते हुए औद्योगिक इकाइयां पूर्व से अपनी अपनी तैयारियां और व्यवस्थाएं बना लें।
विज्ञापन
आईजी ने कहा कि अप्रैल में शाही स्नान पर्व बैसाखी पर चार से पांच दिन पूर्ण रूप से यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। इसलिए औद्योगिक इकाइयां उक्त परिस्थितियों के लिए तैयार रहें। पुलिस उपाधीक्षक यातायात प्रकाश देवली ने कहा कि औद्योगिक इकाइयां अपने वाहन चालकों को बताएं कि कुंभ के दौरान बीच में कुछ समय के लिए नो एंट्री खोली जाए तो वाहनों को औद्योगिक क्षेत्र में लाने का प्रयास करें।
विज्ञापन
स्नान पर्वों के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनफिट भारी वाहनों के संचालन से बचा जाए। औद्योगिक उत्पादन की दर को बनाए रखने के लिए कुंभ के दौरान साप्ताहिक बंदी के दिनों में कर्मचारियों से कार्य कराया जाए। स्नान पर्व दिवसों पर अवकाश दिया जाए। पुलिस अधीक्षक कुंभ सुरजीत पंवार ने कहा कि औद्योगिक इकाइयां अपने कर्मचारियों की सही संख्या और उनकी पूर्ण जानकारी रखें, ताकि सत्यापन में कोई दुविधा न रहे।
एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराएंगे उद्यमी
आईजी ने समस्त औद्योगिक इकाइयों से महाकुंभ 2021 के दौरान सामाजिक एवं मानवीय सेवा के सरोकारों से जुड़े कार्यों में सहभागी बनने का आवाहन किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कुंभ के लिए एंबुलेंस सेवा प्रदान करने और अन्य आवश्यक सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में बढ़चढ़ कर सहभागिता करने का आश्वासन दिया।
सिडकुल में स्थापित उद्योगों की ओर से 97 फीसदी कच्चे माल का आयात अन्य प्रदेशों से होता है। इतना ही तैयार माल बाहरी प्रदेशों को भेजा जाता है। स्नान पर्वों पर औद्योगिक वाहनों का आवागमन बाधित या मार्ग बदला जाए तो पूर्व में सूचना दी जाए। श्रद्धालुओं के वाहनों के साथ औद्योगिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी बनाई जाए।
- हरेंद्र गर्ग, अध्यक्ष सिडकुल एसोसिएशन
उद्योगों में हजारों कर्मचारी कार्यरत हैं। स्नान पर्वों पर आवागमन पर उनके आने-जाने की सुगम व्यवस्था बनाई जाए, ताकि इकाइयों का कामकाज बाधित न हो। संभव हो तो कुंभ के यातायात और औद्योगिक वाहनों के यातायात की अलग-अलग यातायात योजनाएं बनाई जाए।
- अरुण सारस्वत, अध्यक्ष सिडकुल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन