कोटद्वार: द्वारीखाल ब्लॉक में गुलदार ने किया हमला तो युवक ने संघर्ष कर खुद को बचाया
सुबह चार बजे गुलदार ने एक युवक पर हमला कर दिया। इस दौरान युवक ने पूरी हिम्मत के साथ गुलदार का सामना किया और खुद को बचाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में कोटद्वार के द्वारीखाल ब्लॉक में नेपाली मूल के एक युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया। घटना मंगलवार सुबह की है। बाघ ने हमला किया तो युवक ने संघर्ष कर खुद को बचाया।
बताया जा रहा है कि ग्राम कांडी के महादेव मंदिर के पास नेपालियों का डेरा है। सुबह चार बजे गुलदार ने एक युवक पर हमला कर दिया। वहां सो रहे युवक के साथी ने आवाज सुनी तो हल्ला कर दिया। इस दौरान युवक ने भी हार नहीं मानी। उसने पूरी हिम्मत के साथ गुलदार का सामना किया और खुद को बचाया।
बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही कांडी के पड़ोस के गांव बागी के उप प्रधान के लड़के को भी गुलदार ने अपना निवाला बनाया था। पूरे क्षेत्र में गुलदार द्वारा इस घटना से लोग बहुत डरे हुए हैं। जंगल में घास काटने और लकड़ी लेने जाने वाले ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने वन विभाग और शासन-प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द नरभक्षी गुलदार से पूरे क्षेत्र को छुटकारा दिलाया जाए।
पिंजरे में नहीं फंसा गुलदार, ग्रामीणों को दिख रहा है रास्तों में
द्वारीखाल की बिचला ढांगू पट्टी के अंतर्गत बागी गांव निवासी युवक की गुलदार के हमले में मौत के बाद से कोट ब्लाक के गांवों तक गुलदार की दहशत बनी हुई है। गुलदार नौगांव में लगाए गए पिंजरे में तो नहीं फंसा, लेकिन ग्रामीणों को वह पैदल मार्ग पर दिख रहा है। द्वारीखाल और कोट ब्लाक के जनप्रतिनिधियों ने सरकार से गुलदार को मारने के लिए शिकारी तैनात करने की मांग की है।
किनसुर के प्रधान दीपचंद शाह ने बताया कि किनसुर, बागी, तैड़ी, पोगठा और मैठाणा राजस्व गांवों की ग्राम पंचायत किनसुर पड़ती है। यहां से हर रोज लोग बागी होते हुए नयार नदी पारकर व्यासघाट बाजार पहुंचते हैं। पूरा क्षेत्र जंगल का है, जिसमें गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। लोगों को अकेले आवाजाही करते हुए डर लग रहा है। इस ओर बागी और दूसरी ओर नौगांव क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है। दिन ढलते ही लोग बच्चों को घरों में कैद करने को मजबूर हैं।
नौगांव (कोट) की प्रधान अनीता देवी और संजय बिष्ट का कहना है कि नौगांव क्षेत्र में गुलदार की दहशत के कारण लोग खेती किसानी के लिए भी नहीं जा पा रहे हैं। उधर, गढ़वाल के डीएफओ मुकेश कुमार का कहना है कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है। उम्मीद है कि गुलदार पिंजरे में कैद हो जाएगा।