Kotdwar: दो पक्षों में हुई मारपीट में घायल युवक की मौत, लोगों ने लगाया जाम, चौकी इंचार्ज और पुलिसकर्मी निलंबित
बता दें कि 20 अक्तूबर की रात करीब दस बजे शीतलपुर निवासी गजेंद्र सिंह पुत्र मोहन सिंह को चार युवकों ने घर से मिलने के लिए बुलाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। रविवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे उसकी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोटद्वार भाबर में कुछ दिन पूर्व दो पक्षों में हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल शीतलपुर निवासी युवक की मौत होने पर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस की कार्यप्रणाली से आक्रोशित लोकमणिपुर के शीतलपुर और बग्गड़ क्षेत्र के लोगों ने हल्दूखाता तिराहे पर जाम लगा दिया। कहा कि मामले में पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं। उन्होंने मारपीट करने वालों को गिरफ्तार करने और आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। चार घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को किसी तरह शांत कराया।
रविवार सुबह 8:00 बजे आक्रोशित लोग हल्दूखाता तिराहे पर एकत्र हुए और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन कर तिराहे पर जाम लगा दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी घायल युवक के परिजन कई बार चौकी में रिपोर्ट दर्ज करने गए लेकिन मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन और जाम की सूचना मिलते ही कोटद्वार सीओ जीएल कोहली, सीओ विभव सैनी, कोतवाल विजय सिंह मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे और लोगों का समझा बुझाकर जाम खोलने का प्रयास करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक शेखर चंद्र सुयाल करीब 12:30 बजे मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को आरोपियों की गिरफ्तारी करने के साथ ही अन्य मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने पर आक्रोशित लोगों ने जाम खोल दिया।
चौकी इंचार्ज और एक पुलिस कर्मी निलंबित
हल्दूखाता तिराहे पर पुलिस के खिलाफ लोगों के प्रदर्शन के बाद हरकत में आई पुलिस ने मारपीट के चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया कर लिया। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी श्वेता चौबे ने कलालघाटी चौकी प्रभारी और एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया।
कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि गुड्डी देवी पत्नी गजेंद्र सिंह निवासी लोक मणिपुर, सिगड़ी, कोटद्वार ने कोतवाली में नामजद तहरीर दी। उसने बताया कि गत 20 अक्तूबर को उसके पति गजेंद्र सिंह के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। तहरीर के आधार पर मारपीट के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार को मारपीट में घायल गजेंद्र सिंह की उपचार के दौरान महंत इंदिरेश हॉस्पिटल देहरादून में मृत्यु हो गई।
मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मारपीट के आरोपी माथुर सिंह, निवासी भोजपुर थाना मंडावर जिला बिजनौर, विजेंद्र कुमार निवासी ग्राम बट्टू पूरा थाना धामपुर बिजनौर, गोविंद सिंह, निवासी ग्राम लोक मणिपुर सिगड्डी कोटद्वार और सीता राम निवासी ग्राम झंडीचौड़ कलालघाटी कोटद्वार को गिरफ्तार किया गया है।
सीओ जीएल कोहली ने बताया कि उक्त प्रकरण में लापरवाही बरतने पर कलालघाटी चौकी इंचार्ज पीएस नेगी और कांस्टेबल पवनीश कवि के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने निलंबन की कार्रवाई की है।