{"_id":"5b34fe854f1c1bf26e8ba7b7","slug":"kerosene-sprinkled-on-forest-land-encroachment-stopping-team","type":"story","status":"publish","title_hn":"वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने गई टीम पर केरोसिन छिड़का, जान बचाकर भागे अधिकारी और वाचर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने गई टीम पर केरोसिन छिड़का, जान बचाकर भागे अधिकारी और वाचर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सितारगंज
Updated Thu, 28 Jun 2018 08:58 PM IST
विज्ञापन
Kerosene
- फोटो : Getty Images
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाराकोली रेंज में वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने गए बीट अधिकारी और वाचर पर किसान ने ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया। सूचना पर आईएफएस एवं वन रेंजर मय टीम के घटनास्थल पर पहुंचे तो किसान के परिजनों और ग्रामीणों ने टीम पर केरोसिन छिड़ककर जलाने की कोशिश की। बीट अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने किसान परिवार के सात लोगों समेत करीब 50 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
गोठा गांव स्थित बाराकोली वन रेंज के रम्पुरा बीट के प्लाट संख्या-74 में गांव का ही किसान जयनाथ यादव जमीन कब्जाने की नीयत से ट्रैक्टर (यूके06एएफ-3952) से वन भूमि पर जुताई कर रहा था। सूचना मिलने पर बीट अधिकारी हरि सिंह गौनिया वाचर कन्हई के साथ मौके पर पहुंचे और जयनाथ को वन भूमि जोतने से रोकने लगे। आरोप है कि जयनाथ ने उन दोनों पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया। दोनों कर्मचारी जान बचाकर भाग आए और आईएफएस वनाधिकारी हिमांशु बागरी को घटना से अवगत कराया।
विज्ञापन
इस पर आईएफएस बागरी रेंजर प्रदीप कुमार टीम लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। टीम के पहुंचने से पहले ही जयनाथ ट्रैक्टर समेत फरार हो गया। इस पर टीम उसके घर पहुंची। वनाधिकारियों का आरोप है कि जयनाथ और उसके परिवार ने गांव के करीब 50 अन्य लोगों को बुलाकर टीम का विरोध किया और गालीगलौज करने लगे। इस पर टीम ने पुलिस बुला ली। जैसे ही पुलिस पहुंची ग्रामीणों ने वन टीम पर केरोसिन (मिट्टी का तेल) छिड़ककर उन्हें जलाने की कोशिश की। इस दौरान महिला वन कर्मी बबीता पार्की के ऊपर और आंखों में केरोसिन चला गया, उन्हें तत्काल सितारगंज अस्पताल लाया गया। टीम में उप राजि दीपचंद्र महरा, वन दरोगा नैन सिंह नेगी, वन आरक्षी हरि सिंह गौनिया, राजेंद्र सिंह, हेमचंद्र जोशी, बबीता पार्की आदि थे।
विज्ञापन
तीन महिलाओं समेत सात नामजद, 50 ग्रामीणों पर केस
बाराकोली वन रेंज की रम्पुरा बीट के अधिकारी वन आरक्षी हरि सिंह गौनिया की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने जयनाथ यादव, भीम यादव, बबलू यादव, बैजनाथ यादव पुत्र रामकेवल यादव, ममता यादव पत्नी बबलू यादव, नीलम यादव पत्नी भीम यादव, गीता यादव पत्नी बैजनाथ यादव के अलावा 50 अन्य अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 332, 336, 353, 504 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
डिमार्केशन के बाद कराएंगे प्लांटेशन
गोठा गांव में बंजर वन भूमि पर आए दिन अतिक्रमण की कोशिश होती रहती है। कुछ साल पहले ग्रामीणों ने झोपड़ियां बनाकर जबरन भूमि कब्जाने की कोशिश की थी। इन झोपड़ियों को वन विभाग ने ध्वस्त कर भूमि खाली कराई थी। जमीन की चहारदीवारी न होने से भू-माफिया के हौसले बुलंद हैं। विभाग की मानें तो पूर्व में प्लाट संख्या-74 पर प्लांटेशन भी कराया गया था, लेकिन आबादी से सटी भूमि होने के कारण प्लांटेशन सफल नहीं हो पाया था। आईएफएस हिमांशु बागरी ने बताया गोठा से सटी वन भूमि का डिमार्केशन होना है, इसके लिए पूर्व में कई बार पत्राचार हो चुका है। भूमि रकबा अधिक होने के कारण राजस्व एवं वन विभाग संयुक्त रूप से अभी डिमार्केशन नहीं कर पाया। डिमार्केशन के बाद तारबाड़ कर भूमि पर वर्किंग प्लान के तहत प्लांटेशन कराया जाएगा।