मौसम बना रोड़ा, तीसरे दिन भी उड़ान नहीं भर पाया कैलाश यात्रियों का दल
उच्च हिमालयी क्षेत्र छियालेख और गर्ब्यांग में खराब मौसम के चलते तीसरे दिन भी वायुसेना के हेलीकॉप्टर गुंजी को उड़ान नहीं भर पाए।
कैलाश यात्री पर्यटक आवास गृह में मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। कैलाश मानसरोवर यात्रा का पांचवां दल बीती शुक्रवार को पिथौरागढ़ पहुंचा। यात्रियों को शनिवार को गुंजी पहुंचना था। दो हेलीकॉप्टर 28 यात्रियों को लेकर गुंजी पहुंचे, लेकिन 31 यात्री और एक केएमवीएन का गाइड मौसम खराब होने के चलते यहीं रुक गए।
रविवार को भी यात्री सुबह से ही नैनीसैनी हवाई पट्टी पर इंतजार करते रहे, लेकिन मौसम नहीं खुला। सोमवार को भी वायुसेना के पायलट मौसम खुलने का इंतजार करते रहे। पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि अब यात्रियों को मंगलवार को मौसम खुलने पर गुंजी पहुंचाया जाएगा।
यात्रा पूरी कर गुंजी पहुंचा दूसरा दल
डीडीहाट। कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा दल परिक्रमा पूरी कर सोमवार को गुंजी पहुंच गया है। तीसरे दल के यात्री कैलाश परिक्रमा कर रहे हैं, जबकि चौथा दल तकलाकोट पहुंच गया है। आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी से मिली जानकारी के अनुसार कैलाश यात्रा के दूसरे दल के यात्रियों ने सुबह 7.10 बजे तकलाकोट से भारत में प्रवेश किया।
चीनी सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों को आईटीबीपी के कमांडो दस्ते, चिकित्सक राहुल रावत के सुपुर्द किया। 7.50 बजे चौथे दल के यात्रियों को आईटीबीपी ने चीनी सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा। पांचवें दल के 28 यात्री गुंजी में साथियों का इंतजार कर रहे हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र के कालापानी, नाभीढांग में बारिश हो रही है।
11 आदि कैलाश यात्रियों ने एसएसबी के कैंप में बिताई रात
एसएसबी के प्रभारी कमांडेंट किशन यादव और निरीक्षक जोध सिंह बोरा ने 11 यात्रियों को कैंप में ठहराया। सूचना पर एसडीएम आरके पांडे एसडीआरएफ और राज्य पुलिस की टीम को लेकर तपोवन पहुंचे। सोमवार को सभी 11 यात्रियों को सुरक्षित धारचूला पहुंचाया गया। एसडीएम आरके पांडे ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। एसडीएम के अनुसार सभी विभाग सतर्क और पूरी तरह मुस्तैद हैं।