Joshimath Sinking: पुनर्वास हुआ नहीं...खर्च हो गए 6.5 करोड़ रुपये, ठोस नीति बनाने की मांग कर रहे प्रभावित
भू-धंसाव के बाद चार जनवरी से आपदा प्रभावितों को सरकारी व निजी भवनों में शिफ्ट करने का काम शुरु कर दिया गया था।
विस्तार
जोशीमठ में भू-धंसाव से प्रभावित परिवारों को विशेष पुनर्वास पैकेज के रुप में प्रशासन की ओर से अभी तक 6 करोड़ 50 लाख रुपये का वितरण किया जा चुका है। जबकि होटल व होम स्टे में ठहराए गए 250 परिवारों को लगभग एक करोड़ रुपये का भुगतान होटल स्वामियों को किया जा चुका है।
भू-धंसाव के बाद चार जनवरी से आपदा प्रभावितों को सरकारी व निजी भवनों में शिफ्ट करने का काम शुरु कर दिया गया था। अभी भी 232 परिवार सरकारी भवनों के साथ ही होटलों में किनाए के कमरों में रह रहे हैं। होटल और होम स्टे में रह रहे 250 परिवारों के 880 सदस्यों के किराए के रुप में प्रशासन की ओर से एक करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।
Joshimath Is Sinking: जोशीमठ में भूमि धंसने की दर हुई दोगुनी, एसडीसी फाउंडेशन ने जारी की जनवरी की रिपोर्ट
शासन के निर्देश पर 173 परिवारों को मनरेगा मजदूरी का भुगतान भी किया जा रहा है। खंड विकास कार्यालय जोशीमठ की ओर से 173 परिवारों को प्रतिदिन 213 रुपये की दर से 5 लाख 55 हजार 78 रुपये का भुगतान भी आपदा प्रभावितों को किया जा चुका है। प्रभावितों को 25 जनवरी तक मनरेगा मजदूरी का भुगतान किया जा चुका है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से आपदा राहत, बचाव कार्यों के लिए जोशीमठ तहसील प्रशासन को 10 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जिनमें से अभी तक 6 करोड़ 50 लाख, 75 रुपये व्यय किए जा चुके हैं।
जोश और उत्साह के साथ युवाओं ने शुरू की पदयात्रा
जोशीमठ बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर स्थानीय युवाओं की दून तक पदयात्रा बुधवार को जोश और उत्साह के साथ शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने युवाओं को फूल मालाएं पहनाई और नारेबाजी करते हुए उन्हें विदा किया।
आपदा के चलते जोशीमठ नगर के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी के चलते स्थानीय युवाओं ने नगर को बचाने के लिए एक नया प्रयास शुरू किया है। जिसमें युवाओं ने जोशीमठ बचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जोशीमठ से देहरादून तक पैदल यात्रा करने का निर्णय लिया। सभी युवाओं ने अपनी इस यात्रा के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा है।
दो से नौ हुई युवाओं की संख्या
मंगलवार को जब इस पदयात्रा का एलान किया गया तब सिर्फ दो युवा इसमें जुड़े हुए थे। लेकिन बुधवार को जब यात्रा शुरू हुई तो युवाओं की संख्या बढ़कर नौ हो गई। युवाओं ने परिजनों और स्थानीय लोगों से आशीर्वाद लेकर अपनी पदयात्रा शुरू की।
पदयात्रा में शामिल युवा
- सचिन रावत, पुत्र स्व. विजेंद्र रावत निवासी रविग्राम
- आयुष डिमरी पुत्र मुकेश डिमरी, निवासी रविग्राम
- मयंक भुजवाण, पुत्र वीरेंद्र भुजवाण निवासी रविग्राम
- ऋतिक राणा पुत्र महेंद्र राणा, निवासी सिंहधार
- अमन नौटियाल, पुत्र प्रकाश नौटियाल, निवासी सिंहधार
- ऋतिक हिंदवाल, पुत्र पुष्कर हिंदवाल निवासी सिंहधार
- अजय राणा, पुत्र नरेंद्र राणा निवासी सिंहधार
- कुणाल सिंह, पुत्र भरत लाल निवासी मनोहर बाग
- तुषार धीमान, पुत्र स्व. रमेश चंद्र धीमान अपर बाजार