सबसे बड़ा सट्टा: 25 लाख रुपये के साथ देहरादून का सट्टा किंग दबोचा, दो अन्य साथी भी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर कोतवाली क्षेत्र के खुड़बुड़ा में दून का सबसे बड़ा सट्टा पकड़ा गया है। पुलिस ने यहां आईपीएल के मैच में सट्टा लगा रहे दून के सट्टा किंग अजय जायसवाल व उसके दो साथियों को पकड़ा है। मौके से 25 लाख रुपये से ज्यादा बरामद हुए हैं। इस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति वहां से भागने में सफल हो गया। उसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
कार्रवाई शुक्रवार देर रात बैंड बाजार स्थित एक घर में की गई थी। इस कार्रवाई के बारे में शनिवार को डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। उनके साथ मौजूद एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि पुलिस को कई दिनों से अजय जायसवाल के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। वह पहले भी कई बार पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। शुक्रवार रात को जब पुख्ता सूचना मिली तो सीओ सिटी शेखर सुयाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
कोतवाल एसएस नेगी, सब इंस्पेक्टर दीपक धारीवाल, नरेश राठौर आदि की टीम ने यहां एक मकान में छापा मारा। यहां कुल चार लोग बैठे थे, जिनके आगे दीवार पर एक बड़ा टीवी चल रहा था। चूंकि, अजय जायसवाल पहले भी पकड़ा जा चुका है तो उसकी पहचान आसानी से हो गई।
पुलिस टीम को देखते ही इनमें से एक व्यक्ति वहां से भाग गया। कमरे की तलाशी लेने पर वहां से अलग-अलग डिब्बों व अलमारी में कुल 25 लाख रुपये से ज्यादा बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों में अजय जायसवाल उसका भाई हरिओम व चिराग चड्ढा निवासी खुड़बुड़ा शामिल हैं। जबकि, अमित गुप्ता उर्फ गुल्ली वहां से भाग निकला।
डायरी और गुल्ली खोल सकता है राज
आरोपियों के पास से एक डायरी बरामद हुई है। इसमें तमाम नंबर और नाम दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि अमित उर्फ गुल्ली भी इस खेल का बड़ा खिलाड़ी है। पुलिस के अनुसार इनकी डायरी और गुल्ली भी बड़े राज खोल सकता है। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि पुलिस टीम इनके नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास कर रही है। जल्द ही और भी कार्रवाई की जाएंगी।
आखरी बार 2016 में पकड़ा गया था जायसवाल
जायसवाल देहरादून का सबसे बड़ा बुकी माना जाता है। वह अक्सर जुआ खिलाते और खेलते पकड़ा जाता है। उसके खिलाफ कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। आखिरी बार उसे चार साल पहले पटेलनगर पुलिस ने पकड़ा था। इसके बाद से उसके सक्रिय रहने की सूचना नहीं मिली थी। लेकिन, जैसे ही वह सक्रिय हुआ तो पुलिस ने उसे धर दबोचा।
एक मैच में टुकड़ों में लगता है सट्टा
शुक्रवार रात आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और देहली कैपिटल्स के बीच मैच चल रहा था। पूछताछ करने पर पता चला कि इनका गैंग मैच के ओवर को सेशन में बांटकर सट्टा खिलाते हैं। पहले छह ओवर में अलग रेट और अलग अलग खिलाड़ियों पर दांव लगाया जाता है। इसके बाद 10 ओवर में गणित बदला जाता है। यही नहीं असल दांव अंतिम चार ओवर में लगाए जाते हैं। हर गेंद और हर शॉट पर इनके वारे न्यारे होते हैं। ये हर आधे घंटे पर कलेक्शन भी करते हैं। इनमें यह ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से होता है।