International Girl Child Day: परिकल्पना की ऊंची उड़ान की कल्पना...बास्केटबॉल में दम दिखा रही 14 साल की बेटी
परिकल्पना सिंह (14) सेंट जोसेफ अकेडमी देहरादून में कक्षा 10वीं की छात्रा हैं। परिकल्पना ने वैसे तो बचपन से ही बास्केटबाॅल खेलना शुरू कर दिया था लेकिन उनकी प्रतिभा तब और निखरकर आई जब उन्होंने 2019 में जिला स्तरीय महाकुंभ में प्रतिभाग किया था और प्रथम रहीं।
विस्तार
आठ साल से ही बास्केटबॉल में रुचि रखने वाली परिकल्पना सिंह देहरादून जिले के साथ ही उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही हैं। जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अंडर 17 में जहां वह गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं वहीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम की कप्तान रहीं और टीम विजेता रही। अब वह मसूरी में होनी वाली ऑल इंडिया बास्केटबॉल टूर्नामेंट में उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
एलआईसी में कार्यरत और राजपुर रोड देहरादून निवासी जगदीश राम की बेटी परिकल्पना सिंह (14) सेंट जोसेफ अकेडमी देहरादून में कक्षा 10वीं की छात्रा हैं। जगदीश राम भी एक एथलीट हैं जबकि मां अलका भी खिलाड़ी हैं। परिकल्पना का बड़ा भाई भी गोल्ड मेडलिस्ट रह चुका है। परिकल्पना ने वैसे तो बचपन से ही बास्केटबाॅल खेलना शुरू कर दिया था लेकिन उनकी प्रतिभा तब और निखरकर आई जब उन्होंने 2019 में जिला स्तरीय महाकुंभ में प्रतिभाग किया था और प्रथम रहीं।
World Mental Health Day: मां-बाप की चिंता बढ़ा रही बच्चों में मोबाइल की लत, फोन के लिए कर रहे अजीब हरकतें
वर्ष 2019 से लेकर वह अब तक कई बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर कई मेडल अपने नाम कर चुकी हैं। पिछले वर्ष वह (सीआईएससीई) रीजनल गेम्स कानपुर 2022 में अंडर 14 बास्केटबॉल टीम की कप्तान रहीं और टीम उत्तराखंड विजेता रही। नवंबर 2022 में ही नार्थ जोन की टीम के साथ सीआईएससीई आल इंडिया गेम्स बास्केटबॉल खेलने तूतीकोरिन तमिलनाडु गए। जहां उन्होंने उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व किया था।
उनकी कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया। कोच देवेंद्र उन्हें ट्रेनिंग देते हैं। अब परिकल्पा विन मंबी मेमोरियल ऑल इंडिया बास्केटबॉल टूर्नामेंट वूडस्टोक, मसूरी में आगामी 18 अक्तूबर से 21 अक्तूबर को होनी वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। इस प्रतियोगिता में देश से 6 टीमें प्रतिभाग करेंगी जिसमें वह उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।