Independence Day 2020: इस बार देहरादून पुलिस लाइन में होगा स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम, तैयारियां तेज
- सोशल डिस्टेंसिंग के मद्देनजर परेड में शामिल होगी केवल राज्य पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स नहीं आएंगी
- परेड ग्राउंड में होती थी स्वतंत्रता दिवस की परेड, इस बार स्मार्ट सिटी के कामों की वजह से घिरा मैदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम इस बार देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित होगा। यह निर्णय परेड ग्राउंड में चल रही खुदाई के कारण लिया गया है। इसके साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए यहां भी तमाम सावधानियां बरती जाएंगी। स्वतंत्रता दिवस पर परेड में केवल पुलिस की टुकड़ियां ही भाग ले सकेंगी। ताकि, संक्रमण के खतरे को टाला जा सके।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बुधवार को शासन और जिला पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों में बैठक हुई थी। इस समय परेड ग्राउंड में स्मार्ट सिटी का काम चल रहा है। ऐसे में पुलिस लाइन को ही स्वतंत्रता दिवस परेड व कार्यक्रम के लिए चुना गया है। पुलिस लाइन का ग्राउंड परेड मैदान से छोटा है, लिहाजा यहां वहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना भी चुनौती से कम नहीं है।
ऐसे में निर्णय यह भी लिया गया है कि परेड में केवल राज्य पुलिस व इससे जुड़े विंग (एसडीआरएफ, सीपीयू, पीएसी आदि) ही भाग लेंगे। जबकि, हर साल आईटीबीपी के जवान भी परेड में शामिल होते थे। इसके साथ ही भारतीय थल सेना का बैंड व अन्य टुकड़ियां भी कार्यक्रम में शामिल होती थीं, लेकिन इस बार संक्रमण का खतरा है। ऐसे में इन टुकड़ियों को न्योता नहीं दिया जाएगा।
टुकड़ी में जवानों की संख्या भी आधी
परेड के दौरान टुुकड़ी में 30 जवान होते थे, लेकिन इस बार इनकी संख्या भी आधी (15) कर दी गई है। एक टुकड़ी में सिर्फ 15 जवान ही कदमताल करते नजर आएंगे। कार्यक्रम का न्योता भी सीमित लोगों को ही दिया जा रहा है। ताकि, पुलिस लाइन में भीड़ से बचा जा सके।
स्वतंत्रता दिवस परेड की तैयारियां की जा रही हैं। इस बार कार्यक्रम को पुलिस लाइन में करने का निर्णय लिया गया है। स्वतंत्रता दिवस की परेड में केवल पुलिस और इससे जुड़ी विंग ही भाग लेंगी। ताकि, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी कराया जा सके।
-अरुण मोहन जोशी, डीआईजी देहरादून