Independence Day 2020: राष्ट्रीय ध्वज वाला मास्क बेचने वालों की खैर नहीं, बेचा तो दर्ज होगा मुकदमा
- शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने सभी थाना कोतवाली पुलिस को दिए निर्देश
- पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी ऐसे मास्क नहीं खरीदने की अपील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय ध्वज के प्रिंट वाला मास्क बेचने वालों की खैर नहीं। हरिद्वार में पुलिस प्रशासन ने ऐसे व्यापारियों के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के अपमान में मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी है। एसएसपी सैंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने जिले के सभी थाना व कोतवाली प्रभारियों को कार्रवाई करने को कहा है।
मालूम हो कि पिछले कुछ दिनों से बाजार में राष्ट्रीय ध्वज बने मास्क देखे जा रहे हैं। पहले तो केवल तीन रंग वाला मास्क था। बताया जा रहा है कि अब तीन रंग के साथ बीच में 24 तिलियों से बना चक्र वाला मास्क भी बाजार में दिख रहा है।
कुछ संगठनों ने जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की थी। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों का कहना था कि यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है। शिकायत के बाद जिलाधिकारी सी रविशंकर ने पुलिस के साथ सभी तहसील के उपजिलाधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद एसएएसपी ने पुलिस को कार्रवाई करने को कहा है। एसएसपी सैंथिल अबूदई कृष्णराज एस का कहना है कि सभी व्यापारियों को आगाह कर दिया गया है।
इसके बाद भी यदि कोई व्यापारी ऐसे मास्क बेचते हुए पकड़ा गया तो राष्ट्रीय ध्वज के अपमान में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बेचने वालों के साथ खरीदने व पहनने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी लोगाें से अपील की कि ऐसे मास्क न खरीदें।
यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है
मानव अधिकार संरक्षण समिति के प्रांतीय सचिव हेमंत सिंह नेगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को देखते हुए इन दिनों तिरंगे के रंग वाले मास्क बाजार में बिक्री के लिए देखे जा रहे हैं। यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।
उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए मास्क पहनना चाहिए। हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मनीष चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज बने कोरोना मास्क की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उत्तराखंड में शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज किशोर पंत, डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज बने कोरोना मास्क की बिक्री करते हुए कोई पाया जाता है तो उसके खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का तत्काल मुकदमा दर्ज होना चाहिए।