विकासनगर। पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नसीम अहमद की अदालत ने दोषी पति को पांच वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। उस पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। अर्थदंड अदा न करने पर दोषी को छह माह का अतिरिक्त कारावास भी भोगना होगा। आरोपी को सुद्धोवाला स्थित कारागार भेज दिया गया है।
सात जून 2015 को सेलाकुई चौकी क्षेत्र अंतर्गत पूजा पत्नी संदीप निवासी झीवर बस्ती सेलाकुई ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। मामले में उसके भाई कुलदीप कुमार पुत्र करम सिंह निवासी प्रगति विहार ने आठ जून 2015 को सेलाकुई पुलिस चौकी में मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में कुलदीप ने बताया था कि उसकी बहन पूजा का विवाह 2006 में संदीप पुत्र जयपाल सिंह निवासी झीवर बस्ती सेलाकुई के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही संदीप और उसकी माता पुष्पा देवी उसकी बहन के साथ मारपीट और गाली-गलौच करने लगे थे। उन्होंने उसकी बहन और संदीप के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन उसके ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई भी बदलाव नहीं आया। प्रताड़ना से उसकी बहन तनाव में आ गई थी। उस पर घर से निकलने का दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद सात जून 2015 को उसकी बहन पूजा ने मानसिक रूप से परेशान होकर पंखे से लटक कर आत्महत्या कर थी। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी नरेश चंद्र बहुगुणा ने बताया कि अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष की बहस और दलील सुनने के बाद अदालत ने संदीप को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में दोषी करार दिया।