आईएएस पर लगे यौन उत्पीड़न आरोप की जांच अब एसपी क्राइम करेंगे, पढ़ें पूरा मामला
उत्तराखंड कैडर के आईएएस सुशील कुमार पर बिजनौर की महिला शिक्षिका द्वारा लगाए आरोपों की जांच अब एसपी क्राइम लोकजीत सिंह करेंगे। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने काम के दबाव के चलते एसपी सिटी श्वेता चौबे से जांच स्थानांतरित कर दी है।
यौन उत्पीड़न से घिरे आईएएस सुशील कुमार का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पीड़ित शिक्षिका इंसाफ के लिए काफी समय से संघर्ष कर रही है। पीड़ित शिक्षिका का कहना कि आईएएस सुशील कुमार ने 19 अगस्त 2012 में उससे शादी की थी, जिसके बाद उनका एक बेटा हुआ।
आरोप है कि आईएएस ने कभी उसे पत्नी का दर्जा नहीं दिया है। बाद में पता चला कि आईएएस सुशील कुमार पहले से ही शादीशुदा है। कई स्तरों पर शिकायत करने के बाद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय महिला आयोग में गुहार लगाई थी।
महिला आयोग के निर्देश पर एसपी सिटी श्वेता चौबे को पूरे मामले की जांच सौंपी गई थी। एसपी के निर्देश पर डालनवाला कोतवाली की महिला दरोगा ने बिजनौर जाकर पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर लिए।
इसी बीच एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने एसपी सिटी श्वेता चौबे से यौन उत्पीड़न के मामले में जानकारी ली। इसके बाद काम का बोझ अधिक होने के कारण एसएसपी जोशी ने जांच अब एसपी क्राइम लोकजीत सिंह के सुपुर्द कर दी है। उन्हाेंने बताया कि एसपी क्राइम को जल्द जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है, ताकि महिला आयोग को जानकारी दी जा सके।